यूपी में आलू किसानों को बड़ी राहत, स्टोरेज पर सरकार देगी 100 रुपये प्रति कुंतल की सब्सिडी
उत्तर प्रदेश सरकार निजी शीतगृहों में आलू भंडारित करने वाले किसानों को प्रति कुंतल 100 रुपये का अनुदान दे रही है।

HighLights
किसानों को आलू भंडारण पर 100 रुपये प्रति कुंतल अनुदान।
अधिकतम 200 कुंतल आलू पर 20,000 रुपये तक की सहायता।
निजी शीतगृहों में आलू रखने वाले किसान करें ऑनलाइन आवेदन।
जागरण संवाददाता, एटा। निजी शीतगृहों में आलू भंडारित करने वाले किसानों को शासन की ओर से राहत दी जा रही है। प्रदेश सरकार की वर्ष 2026-27 की आलू भंडारण प्रभार अनुदान योजना के तहत किसानों को प्रति कुंतल 100 रुपये की दर से अनुदान दिया जाएगा। यह धनराशि सीधे किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी। योजना का उद्देश्य आलू उत्पादक किसानों को भंडारण पर होने वाले खर्च में राहत देना और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करना है।
योजना का लाभ निजी शीतगृहों में आलू भंडारित करने वाले किसान उठा सकेंगे। इसके लिए प्रति किसान अधिकतम दो हेक्टेयर आलू रोपित क्षेत्रफल अनुमन्य होगा।
एक किसान को अधिकतम 200 कुंतल आलू के भंडारण प्रभार पर अनुदान दिया जाएगा। इस तरह पात्र किसान को अधिकतम 20 हजार रुपये तक की सहायता मिल सकेगी। पट्टे पर जमीन लेकर आलू की खेती करने वाले किसान भी योजना के पात्र होंगे। हालांकि, भंडारित आलू की निकासी होने के बाद ही अनुदान का भुगतान किया जाएगा।
निजी शीतगृहों में आलू रखने वाले किसान कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को https://potato.uphorticulture.in/ पोर्टल पर आवेदन करना होगा। आवेदन के लिए आधार कार्ड अथवा कृषक आईडी के माध्यम से ई-केवाईसी जरूरी होगी। इसके साथ बैंक पासबुक या चेकबुक की छायाप्रति देनी होगी, जिसमें खाताधारक का नाम, खाता संख्या और आईएफएससी कोड स्पष्ट अंकित हो। आलू के रोपित क्षेत्रफल का निर्धारण अद्यतन खसरा-खतौनी के आधार पर किया जाएगा।
अधिकतम 200 कुंतल पर मिलेगी सहायता
जिला उद्यान विभाग के वरिष्ठ निरीक्षण सुनील यादव ने बताया कि किसानों को शीतगृह से जारी आमद रसीद, तकपट्टी अथवा भंडारण रसीद, भंडारण प्रभार भुगतान की रसीद, आलू निकासी रसीद और गेट पास भी उपलब्ध कराना होगा। सभी अभिलेखों की स्वप्रमाणित छायाप्रति कार्यालय में सत्यापन के लिए जमा करनी होगी। इसके बाद किसानों को पात्रता के आधार पर लाभ दिया जाएगा।
क्या कहते हैं आंकड़े
- 24 हैं जिले में शीतग्रह
- 73855 एमटी भंडारण
- 59084 एमटी अब तक निकासी
- 8500 हेक्टेयर आलू का रकवा
सुनील यादव ने बताया कि जिला में 8500 हेक्टेयर के करीब आलू का रकवा रहा था, 24 शीतगृह हैं। इनमें 73850 मीट्रिक टन आलू का भंडारण किया गया और अब तक करीब 59084 हजार एमटी की निकासी हो चुकी है। शेष आलू किसानों ने बीज अथवा व्यापार के लिए कोल्ड स्टोरों में छोड़ा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।