एटा में डेंगू के बढ़ता प्रकोप: रसूलपुर गढ़ौली में अब तक 18 मौतें, सीएमओ ने की लोगों से अपील
एटा जिले में पिछले 24 घंटे में डेंगू के आठ नए मरीज सामने आए हैं, जिनमें छह की हालत गंभीर ...और पढ़ें

मच्छरजनित बीमारी डेंगू से पीड़ित मरीज का हालचाल संचारी वार्ड में जानते जिला मलेरिया अधिकारी लोकमन सिंह- जागरण
HighLights
जिले में डेंगू के आठ नए मरीज अस्पताल में भर्ती।
छह मरीजों को गंभीर हालत में इमरजेंसी से निजी अस्पताल ले गए।
रसूलपुर गढ़ौली में बीमारी से अब तक 18 लोगों की मौत।
जागरण संवाददाता, एटा। जिले में मच्छरजनित बीमारियों का प्रकोप जारी है। पिछले 24 घंटे में डेंगू से पीड़ित आठ मरीज अस्पताल में भर्ती कराए गए। इनमें दो को संचारी रोग वार्ड में भर्ती किया गया, जबकि हालत गंभीर होने पर छह मरीजों को मेडिकल कालेज की इमरजेंसी में लाया गया।
बाद में स्वजन बेहतर उपचार के लिए उन्हें निजी अस्पताल ले गए। मरीजों की बढ़ती संख्या के चलते सरकारी और निजी अस्पतालों में उपचार कराने वालों की संख्या भी बढ़ रही है।
जैथरा क्षेत्र के गांव कुवरपुर निवासी धर्मदास के 20 वर्षीय पुत्र मानपाल सिंह को डेंगू की पुष्टि के बाद सोमवार को संचारी रोग वार्ड में भर्ती कराया गया, उन्हें चार दिन से बुखार था। रिजोर क्षेत्र के गांव मिश्री निवासी 63 वर्षीय राज बहादुर सिंह को भी संचारी रोग वार्ड में भर्ती कराकर स्वजन इलाज करा रहे हैं।
जिले में अब तक डेंगू के दो दर्जन से अधिक मरीज सामने
इमरजेंसी में गांव सोंगरा निवासी 35 वर्षीय नीतू पत्नी पदम सिंह, गांव मिर्जापुर निवासी 60 वर्षीय प्रेमवती पत्नी जयंती प्रसाद, सुनहरी नगर निवासी 70 वर्षीय रघुराज सिंह, गांव फफोतू निवासी 38 वर्षीय नीरज कुमार, कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव नगला फरीद निवासी 24 वर्षीय गौरी पत्नी सत्येंद्र और निधौली कलां निवासी 30 वर्षीय मनोज को भर्ती कराया गया। जिले में अब तक डेंगू के दो दर्जन से अधिक मरीज सामने आ चुके हैं।
सीएमओ ने की लोगों से अपील
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने लोगों से मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने घरों और आसपास पानी जमा न होने देने, कूलर, गमलों, टायरों और अन्य बर्तनों में जमा पानी नियमित रूप से साफ करने की सलाह दी। मच्छरों से बचने के लिए पूरी बांह के कपड़े पहनें और सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें। बुखार आने पर लापरवाही न करें, चिकित्सक से परामर्श लेकर उपचार कराएं और बिना सलाह दवा न लें। समय पर जांच और उपचार से बीमारी की गंभीरता कम करने में मदद मिल सकती है।
यह भी पढ़ें- इंतजार खत्म: मेघा किशोर की सुरीली आवाज पर झूमेगा अलीगढ़, डांडिया रास में म्यूजिक के साथ लजीज व्यंजन भी
रसूलपुर गढ़ौली में एक और युवक की मौत
मिरहची क्षेत्र के रसूलपुर गढ़ौली गांव में एक और युवक की मौत हो गई। सोमवार शाम तबीयत बिगड़ने पर स्वजन उसे उपचार के लिए अलीगढ़ ले गए, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मंगलवार सुबह अंतिम संस्कार किया गया। गांव में लगातार हो रही मौतों से ग्रामीण चिंतित हैं। अब तक करीब 18 लोगों की मौत होने की बात सामने आई है। गांव निवासी 25 वर्षीय अक्षय पुत्र महेश चंद्र राजपूत दिल्ली में नौकरी करता था।
यह भी पढ़ें- आगरा में ऑपरेशन कायाकल्प की हकीकत: 'अर्श' वाले विचार हवाहवाई, बदहाल स्कूलों में फर्श पर पढ़ रहे नौनिहाल
करीब पांच दिन पहले उसकी तबीयत खराब हुई थी
स्वजन के अनुसार, करीब पांच दिन पहले उसकी तबीयत खराब हुई थी। वह घर लौट आया था और शहर के एक चिकित्सक से उपचार करा रहा था। सोमवार शाम हालत अधिक बिगड़ने पर उसे पिलुआ के एक निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया। वहां से राहत नहीं मिलने पर अलीगढ़ ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। गांव में पिछले कुछ समय से बुखार और अन्य बीमारियों के चलते लोगों की मौत की खबरें सामने आ रही हैं। हालांकि, अक्षय की मौत किस बीमारी से हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीण इसे गांव में फैल रही बीमारी से जोड़कर देख रहे हैं।
