स्वगणना 16 नवंबर से और डोर-टू-डोर गणना 1 दिसंबर से: एटा DM अरुन्मोली ने पारदर्शिता और सटीकता के दिए निर्देश
एटा में जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारियों की समीक्षा की, जिसमें कार्य में पारदर्शिता और ...और पढ़ें

एटा की जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली।
जागरण संवाददाता, एटा। जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारियों, कार्मिकों की नियुक्ति, प्रशिक्षण एवं जनगणना कार्य के सफल संचालन के संबंध में प्रमुख जनगणना अधिकारी के साथ जिलाधिकारी ने बैठक की। डीएम ने कहा कि जनगणना का काम पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए। तैनाती स्थल कार्मिक पहुंचकर अपने काम को समय से निपटाए। एक दिसंबर से डोर टू डोर कर्मचारी पहुंचकर जनगणना करेंगे।
जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने कहा कि जनगणना देश के सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक एवं विकास संबंधी योजनाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्देश दिए कि जनगणना कार्य में कोई भी क्षेत्र, परिवार अथवा मकान गणना से छूटने न पाए तथा संकलित किए जाने वाले आंकड़े पूरी तरह सटीक एवं विश्वसनीय हों।
स्वगणना 16 नंबर से निर्धारित की गई है
जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने कहा कि जनगणना कर्मियों के प्रशिक्षण के दौरान उन्हें प्रत्येक बिंदु की जानकारी एवं कार्यप्रणाली को समझाया जाए। इसका व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। द्वितीय चरण की निर्धारित समय-सारिणी की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया गया कि स्वगणना की अवधि 16 से 30 नवंबर तक निर्धारित की गई है। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी 2027 तक रिवीजनल राउंड पांच से नौ जनवरी तक निर्धारित है।
यह भी पढ़ें- युवाओं पर छाया खाकी का रंग: पुलिस-Army बनी पहली पसंद, फिरोजाबाद DM संतोष शर्मा ने कराया करियर पसंद का सर्वे
जनपद के लिए 68 फील्ड ट्रेनर चयनित किए गए हैं
डीएम ने कहा कि कार्मिकों की नियुक्ति, प्रशिक्षण, पर्यवेक्षण, फील्ड विजिट एवं अन्य व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। बैठक में जिला जनगणना अधिकारी ने बताया कि जनपद के लिए 68 फील्ड ट्रेनर चयनित किए गए हैं। जिनके माध्यम से प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
फील्ड ट्रेनरों के दो बैचों का प्रशिक्षण सात से नौ अक्टूबर एवं 14 से 16 अक्टूबर कलेक्ट्रेट सभागार में प्रस्तावित हैं। इसके बाद प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का तहसील स्तर पर अक्टूबर नवंबर में प्रशिक्षण कराया जाना है।
यह भी पढ़ें- यूपी में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर लगेगी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट, ARTO में होगा रजिस्ट्रेशन
सत्यापन की प्रगति की समीक्षा भी हुई
प्रथम चरण में बनाए गए 850 से अधिक जनसंख्या वाले एचएलबी के विभाजन तथा चार्ज स्तर पर उनके सत्यापन की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व चंद्र प्रकाश पाठक, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
