युवाओं पर छाया खाकी का रंग: पुलिस-Army बनी पहली पसंद, फिरोजाबाद DM संतोष शर्मा ने कराया करियर पसंद का सर्वे
फिरोजाबाद में डीएम संतोष कुमार शर्मा द्वारा कराए गए सर्वे में सामने आया है कि युवाओं की पहली पसंद पुलिस ...और पढ़ें

फिरोजाबाद के डीएम हैं संतोष कुमार शर्मा।
HighLights
डीएम संतोष शर्मा ने कराया युवाओं की करियर पसंद का सर्वे।
सर्वे में पुलिस और सेना युवाओं की पहली पसंद बनी।
इंजीनियरिंग, मेडिकल भी प्रमुख करियर विकल्पों में शामिल रहे।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। युवाओं पर अब खाकी का रंग छा गया है। डीएम द्वारा कराए गए सर्वे में ये बात सामने आई है कि सबसे अधिक युवा पुलिस और सेना में जाना चाहते हैं। डेढ़ माह में हुए ऑनलाइन सर्वे में 13 हजार से अधिक युवाओं से प्रतिक्रिया ली गई थी। इंजीनियरिंग और चिकित्सा क्षेत्र भी युवाओं की पसंद बना हुआ है।
डीएम संतोष कुमार शर्मा द्वारा डेढ़ माह से करियर मार्गदर्शन अभियान चलाया जा रहा है। इसमें डीएम, सीडीओ और एसएसपी सहित अन्य पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी कॉलेजों में जाकर युवाओं की करियर काउंसिलिंग करते हैं। इस दौरान करियर के प्रति उनका रुझान भी पूछा गया।
लगभग 24 प्रतिशत न जताई पुलिस और सेना में जाने की इच्छा
इसमें पता चला कि सबसे अधिक 13.90 प्रतिशत ने पुलिस, 11.89 प्रतिशत ने इंजीनियरिंग, 10.35 प्रतिशत ने मेडिकल और 9.90 प्रतशित ने सेना में जाने की इच्छा जताई।
औद्याेगिक शहर होने के बाद भी केवल 5.62 प्रतिशत ने ही उद्यमी बनने में रुचि दिखाई। इसके बाद डीएम ने अब करियर काउंसिलिंग का दायरा बढ़ाने का निर्णय लिया है।
खेल व अन्य क्षेत्रों के विशेषज्ञ भी छात्र-छात्राओं से करेंगे अनुभव साझा
डीएम संतोष शर्मा ने बताया कि अब काउंसिलिंग के लिए कॉलेजों में इंजीनियरिंग और मेडिकल के साथ ही खेल एवं अन्य क्षेत्रों के विशेषज्ञ भी छात्र-छात्राओं के बीच आकर अपने अनुभवों को साझा करेंगे। विशेषज्ञ उन्हें उनके पसंदीदा क्षेत्र की बारीकियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की रणनीतियों और भविष्य की संभावनाओं के बारे में बताएंगे।
