विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी सैनिक स्कूलों में कक्षा 6 व 9 के प्रवेश शुरू: आवेदन से पहले जांच लें पात्रता और अंतिम तिथि

Published: Mon, 28 Sep 2026 03:27 PM (IST)Updated: Mon, 28 Sep 2026 03:35 PM (IST)

राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूलों (आरएमएस) और उत्तर प्रदेश सैनिक स्कूलों में कक्षा 6 और 9 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. राष्ट्रीय मिलिट्री और यूपी सैनिक स्कूल प्रवेश प्रक्रिया शुरू

  2. कक्षा 6 और 9 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 20 व 25 अक्टूबर

  3. आवेदन से पहले पात्रता, जन्मतिथि, निवास प्रमाण पत्र जांचें

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूलों (आरएमएस) और उत्तर प्रदेश सैनिक स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2027-28 में प्रवेश की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। कक्षा छह और नौ में दाखिले के लिए राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल कामन एंट्रेंस टेस्ट (आरएमएस सीईटी-2026) और यूपी सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा के आवेदन अलग-अलग वेबसाइटों पर किए जा सकेंगे। दोनों परीक्षाओं की नियमित आवेदन प्रक्रिया अक्टूबर में पूरी होगी। ऐसे में अभिभावकों को समय रहते आवेदन करने और पात्रता संबंधी शर्तें जांचने की सलाह दी गई है।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की ओर से आयोजित आरएमएस सीईटी-2026 के लिए नियमित आवेदन की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर निर्धारित की गई है।

अभ्यर्थी शाम पांच बजे तक ऑनलाइन फार्म भर सकेंगे। इसके बाद 21 से 25 अक्टूबर तक अतिरिक्त शुल्क के साथ आवेदन का अवसर मिलेगा।

राष्ट्रीय मिलिट्री और यूपी सैनिक स्कूल में कक्षा छह व नौ के लिए आवेदन शुरू

कक्षा छह और नौ में प्रवेश के लिए लिखित परीक्षा 13 दिसंबर को होगी। परीक्षा ओएमआर आधारित होगी। देश के पांच राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूलों में दाखिले के लिए यह परीक्षा आयोजित की जाती है। कक्षा छह के लिए अभ्यर्थी की जन्मतिथि एक अप्रैल 2014 से 31 मार्च 2017 के बीच होनी चाहिए। वहीं, कक्षा नौ के लिए जन्मतिथि एक अप्रैल 2011 से 31 मार्च 2014 के बीच निर्धारित की गई है। आयु में छूट सहित अन्य शर्तों की जानकारी आधिकारिक सूचना पुस्तिका से प्राप्त की जा सकती है।

यूपी सैनिक स्कूल के लिए 25 अक्टूबर अंतिम तिथि

उत्तर प्रदेश सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा के लिए नियमित आवेदन 25 अक्टूबर शाम पांच बजे तक किए जा सकेंगे। विलंब शुल्क के साथ 31 अक्टूबर तक आवेदन का मौका मिलेगा। प्रवेश परीक्षा की संभावित तिथि 20 दिसंबर निर्धारित की गई है। इसके माध्यम से लखनऊ स्थित कैप्टन मनोज कुमार पांडेय यूपी सैनिक स्कूल और गोरखपुर स्थित यूपी सैनिक स्कूल में प्रवेश दिया जाएगा। विद्यालयों में कक्षा के अनुसार पात्रता और सीटों की शर्तें अलग-अलग हैं।

आवेदन से पहले जांच लें पात्रता

प्रवेश परीक्षा विशेषज्ञ एवं विनीत कोचिंग एंड गाइडेंस सेंटर (वीसीजीसी) के निदेशक विनीत शर्मा ने बताया कि अभिभावक आवेदन से पहले जन्मतिथि, वर्तमान कक्षा, निवास प्रमाणपत्र और विद्यालयवार सीटों की शर्तें जांच लें। दोनों परीक्षाओं के लिए अलग-अलग आवेदन करना होगा।

  • आरएमएस सीईटी के लिए वेबसाइट (https://exams.nta.nic.in/rmscet/) और यूपी सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा के लिए वेबसाइट (https://entranceexam.upsainikschool.org/) पर आवेदन से पहले नवीनतम निर्देश अवश्य पढ़ें।
  • सैनिक स्कूलों में पढ़ाई के दौरान सैन्य उन्मुख प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाता है।
  • प्रदेश में गोरखपुर, लखनऊ, झांसी, मैनपुरी, अमेठी व प्रयागराज सैनिक स्कूल संचालित हैं। आरएमएस कैंपस दूसरे राज्यों में हैं। 

लखनऊ में कक्षा छह में केवल लड़के कर सकते हैं आवेदन

लखनऊ में कक्षा छह में केवल लड़के आवेदन कर सकते हैं, जबकि गोरखपुर में लड़के और लड़कियां दोनों पात्र हैं। कक्षा नौ में दोनों विद्यालयों में लड़के और लड़कियां आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, लखनऊ में कक्षा नौ के लड़कों के लिए केवल स्ववित्तपोषित सीटों का प्रावधान है। अभ्यर्थी और उसके पिता, दोनों का उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना आवश्यक है।

यह भी पढ़ें- यूपी में ट्रैक्टर ट्रॉलियों पर लगेगी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट, ARTO में होगा रजिस्ट्रेशन