मुख्यमंत्री लघु सिंचाई योजना: बोरिंग कराने पर किसानों को मिलेगी बंपर सब्सिडी, बिजली कनेक्शन के लिए भी मिलेगी मदद
सरकार मुख्यमंत्री लघु सिंचाई योजना के तहत किसानों को गहरी बोरिंग और बिजली कनेक्शन के लिए 2.65 लाख रुपये तक का अनुदान दे रही है।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
किसानों को गहरी बोरिंग पर 2.65 लाख रुपये तक अनुदान।
बिजली कनेक्शन के लिए 68 हजार रुपये की सहायता शामिल।
सिंचाई विभाग से संपर्क कर योजना का लाभ उठाएं किसान।
जागरण संवाददाता, एटा। किसानों को सिंचाई के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकार की ओर से मुख्यमंत्री लघु सिंचाई योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत गहरी बोरिंग कराने वाले किसानों को 2.65 लाख रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा। इसमें बिजली कनेक्शन और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं करने के लिए 68 हजार रुपये की धनराशि भी शामिल है। इससे किसानों को निजी नलकूप स्थापित करने और खेतों तक पानी पहुंचाने में सहूलियत मिलेगी।
योजना के तहत किसानों को 300 फुट गहरी बोरिंग करानी होगी। इस पर सरकार की ओर से कुल 2.65 लाख रुपये का अनुदान निर्धारित किया गया है। इसमें बोरिंग कराने के साथ ही बिजली कनेक्शन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए भी सहायता दी जाएगी।
बिजली कनेक्शन के लिए 68 हजार रुपये मिलने से किसानों को अलग से बड़ी धनराशि खर्च करने की परेशानी कम होगी। जिले में खेती पूरी तरह सिंचाई पर निर्भर है। वर्षा पर निर्भर रहने वाले किसानों को फसलों की जरूरत के अनुसार पानी उपलब्ध नहीं हो पाता। कई बार समय से सिंचाई न होने के कारण फसलों की पैदावार भी प्रभावित होती है। ऐसे में गहरी बोरिंग की सुविधा किसानों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है। इससे किसान जरूरत के अनुसार खेतों की सिंचाई कर सकेंगे।
सहायक अभियंता लघु सिंचाई विभाग रमेश चंद्र ने बताया कि सरकार का उद्देश्य किसानों को सिंचाई के पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराकर कृषि उत्पादन बढ़ाना और खेती की लागत कम करने में मदद करना है।
योजना का लाभ लेने के इच्छुक किसान लघु सिंचाई विभाग से संपर्क कर पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। अनुदान का लाभ निर्धारित नियमों और पात्रता के अनुसार दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- अब प्लेटफॉर्म पर ही मिलेगा जनरल टिकट, अलीगढ़ समेत चार स्टेशनों पर शुरू होगी नई सुविधा