निगम की बसों में छिबरामऊ, मैनपुरी जाना हुआ महंगा
टोल टैक्स बढ़ने से परिवहन निगम की बसों में एक और दो रुपये प्रति टिकट के हिसाब से किराए में बढ़ोत्तरी की
जासं, एटा: मैनपुरी और छिबरामऊ आदि जगहों पर जाने वाले यात्रियों की जेब ढीली होगी। टोल टैक्स बढ़ने से परिवहन निगम की बसों में एक और दो रुपये प्रति टिकट के हिसाब से किराए में बढ़ोत्तरी की है। पिछले दिनों जिले में टोल चालू होने से सात रुपये किराया बढ़ाया गया था।
आसपुर समीप पिछले साल टोल प्लाजा का शुभारंभ हुआ था। रोडवेज बसों पर भी टोल टैक्स लगाना शुरू हो गया। निगम की बसों में सात रुपये प्रति यात्री के हिसाब से पिछले साल किराया बढ़ाया गया था। इसके बाद फिर से टोल टैक्स में शासन ने बढ़ोत्तरी कर दी है। परिवहन निगम की बसों में भी किराया बढ़ाया गया है। मैनपुरी, कुरावली, मलावन, वेवर, भोगांव आदि जगहों पर जाने वाले यात्रियों के लिए एक रुपये और छिबरामऊ और उससे आगे तक आने जाने वाले लोगों के लिए प्रति टिकट दो रुपये की बढ़ोत्तरी हुई है। छिबरामऊ तक पहुंचने के लिए बसों को आसपुर और नवीगंज टोल टैक्स पास करने होते हैं। बता दें कि अब एटा से मैनपुरी का नया किराया 77, कुरावली का 51 रुपये किराया हो गया है। छिबरामऊ तक पहुंचने के लिए यात्रियों को 133 के स्थान पर 135 रुपये देने होंगे।
वहीं एआरएम राजेश यादव ने बताया कि शासनादेश मिलने के बाद बसों में किराया बढ़ाया गया है। टोल प्लाजा पर प्रति चक्कर के हिसाब से टैक्स देना होता है।