देवरिया में बेटी की फीस जमा करने जा रही मां की सड़क हादसे में मौत, मचा कोहराम
देवरिया में स्कूटी सवार महिला की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। वह अपनी बेटी की स्कूल फीस जमा ...और पढ़ें

मृतक रीना चौहान की फाइल फोटो। जागरण
HighLights
देवरिया में स्कूटी सवार महिला की ट्रक से टक्कर।
बेटी की स्कूल फीस जमा करने जा रही थी महिला।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
संवाद सूत्र, भागलपुर (देवरिया)। मईल थाना क्षेत्र के बरठा-बरेजी मार्ग पर ज्ञान छपरा गांव के सामने शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई। वह अपनी पांच वर्षीय बेटी की स्कूल फीस जमा करने जा रही थीं। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर सलेमपुर की तरफ फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भागलपुर ले गई, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सास ने शव की पहचान की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए देवरिया भेज दिया।
बरहज थाना क्षेत्र के पैना गांव निवासी रीना चौहान (27) पत्नी कृष्णानंद चौहान शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे अपनी पांच वर्षीय बेटी आकृति की फीस जमा करने के लिए स्कूटी से बरठा चौराहे स्थित एक निजी विद्यालय जा रही थीं। अभी वह ज्ञान छपरा गांव के सामने पहुंची थीं कि बरहज की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने पीछे से उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि रीना के सिर में गंभीर चोट लग गई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मर्चेंट नेवी में कार्यरत हैं पति
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मईल थानाध्यक्ष विकास नाथ मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस से महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भागलपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सक डा. अविनाश मौर्य ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रीना की पहचान उनकी सास किसमौती देवी ने की।
रीना के पति कृष्णानंद चौहान मर्चेंट नेवी में नौकरी करते हैं और फिलहाल बाहर हैं। उनके दो छोटे बच्चे हैं। पांच वर्षीय बेटी आकृति और तीन वर्षीय बेटे असीमित के सिर से मां का साया उठने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
यह भी पढ़ें- देवरिया में रामेश्वर तिवारी हत्याकांड के बाद सरकारी पोखरी की जमीन से हटा अवैध कब्जा, चला बुलडोजर
ट्रक लेकर फरार हुआ चालक
हादसे के बाद आरोपित चालक ट्रक लेकर सलेमपुर की तरफ भाग निकला। पुलिस के अनुसार, साथ में चल रहे एक अन्य ट्रक को पकड़ लिया गया है। उसके चालक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
