देवरिया हवालात आत्महत्या मामले में मानवाधिकार आयोग ने DM को भेजा नोटिस, निष्पक्ष जांच की मांग
उत्तर प्रदेश राज्य मानवाधिकार आयोग ने देवरिया के खुखुंदू थाने की हवालात में गांजा तस्करी के आरोपी बृजपाल सिंह की ...और पढ़ें

एसपी की रिपोर्ट व शिकायतों का अवलोकन कर मांगी विस्तृत जांच रिपोर्ट। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
मानवाधिकार आयोग ने देवरिया डीएम को नोटिस भेजा।
खुखुंदू हवालात में आरोपी बृजपाल ने की आत्महत्या।
सीसीटीवी फुटेज, फोरेंसिक साक्ष्य सुरक्षित रखने की मांग।
जागरण संवाददाता, देवरिया। खुखुंदू थाने की हवालात में गांजा तस्करी के आरोपित बृजपाल सिंह की आत्महत्या के मामले में उत्तर प्रदेश राज्य मानवाधिकार आयोग ने जिलाधिकारी को नोटिस जारी किया है। आयोग ने पुलिस अधीक्षक की रिपोर्ट और शिकायतों का अवलोकन करने के बाद मामले की विस्तृत जांच कर चार दिसंबर तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई के लिए सात दिसंबर को दोपहर 12:30 बजे की तिथि निर्धारित की गई है।
दिल्ली निवासी कृष्णा राजपूत और राजहंस बंसल ने आयोग में शिकायत कर मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है। शिकायतकर्ताओं ने थाने में लगे सीसी कैमरों की फुटेज सुरक्षित रखने, घटनास्थल का फोरेंसिक परीक्षण कराने और घटना से जुड़े सभी साक्ष्यों को संरक्षित करने की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि पुलिस हिरासत में आत्महत्या का मामला गंभीर है और यह संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत प्रदत्त जीवन व व्यक्तिगत स्वतंत्रता के मौलिक अधिकार से भी जुड़ा है।
अमरोहा देहात कोतवाली क्षेत्र के फरीदपुर निवासी 38 वर्षीय बृजपाल पुत्र कैलाश सिंह को दो अक्टूबर को एसओजी और खुखुंदू पुलिस की संयुक्त टीम ने खुखुंदू-नूनखार मार्ग पर डीसीएम समेत गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, वाहन में चावल की भूसी के बीच छिपाकर रखा करीब 1.40 क्विंटल गांजा बरामद हुआ था। एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उससे पूछताछ की जा रही थी।
तीन अक्टूबर की सुबह करीब आठ बजे बृजपाल हवालात में गमछे के सहारे लटका मिला था। प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर एसपी अभिजीत आर. शंकर ने प्रभारी निरीक्षक राहुल सिंह समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया था। पुलिस के अनुसार, सीसी कैमरे की फुटेज में बृजपाल रातभर हवालात में टहलता और बेचैन दिखाई दे रहा था। बाद की फुटेज में वह फंदा लगाता नजर आया।
यह भी पढ़ें- देवरिया में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत, स्वजनों ने किया हंगामा और लगाया जाम
चार अक्टूबर को नायब तहसीलदार सलेमपुर रविंद्र मौर्य ने पंचनामा कराया। तीन सदस्यीय चिकित्सकीय पैनल ने पोस्टमार्टम किया, जिसमें मौत का कारण हैंगिंग बताया गया। वहीं, एडीएम प्रशासन प्रेम नारायण सिंह ने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं है। राज्य मानवाधिकार आयोग की ओर से रिपोर्ट मांगी जाती है तो उसे भेजा जाएगा।
