देवरिया में श्यामलाल पाल का भाजपा पर हमला, 2027 में सपा सरकार का दावा ठोंकते हुए बोले- पाप का घड़ा भर चुका
सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने देवरिया में पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी और बदहाल शिक्षा व्यवस्था को लेकर निशाना साधा।

HighLights
भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी और शिक्षा बदहाली का आरोप।
कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का आह्वान।
पीडीए के अधिकार व सम्मान के लिए संघर्ष जारी रखने पर जोर।
जागरण संवाददाता, देवरिया। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने बुधवार को ओम मंडपम मैरिज हाल में आयोजित पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के पाप का घड़ा भर चुका है। आगामी विधानसभा चुनाव में जनता इस घड़े को फोड़कर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और जनता के बीच पहुंचकर पार्टी की नीतियों को रखने का आह्वान किया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार में जनता महंगाई, बेरोजगारी और बदहाल शिक्षा व्यवस्था से परेशान है । कार्यकर्ताओं को सरकार की नाकामियों को जनता तक पहुंचाना होगा। सपा सरकार में तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने छात्राओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कन्या धन योजना के तहत आर्थिक सहायता देने का काम किया था।
2027 में सपा की सरकार बनाने का लक्ष्य
उन्होंने कहा कि सपा गरीब, पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और वंचित वर्गों की आवाज उठाती रही है। पीडीए के अधिकार और सम्मान के लिए पार्टी लगातार संघर्ष कर रही है। कार्यकर्ताओं की एकजुटता से 2027 में सपा की सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर काम करना होगा।
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रदेश अध्यक्ष ने सभी सेक्टर व जोन प्रभारियों को मंच पर बुलाकर माल्यार्पण कर स्वागत किया। सलेमपुर के सांसद रमाशंकर राजभर ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बड़ी संख्या में स्कूल बंद किए गए हैं। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आगामी चुनाव में भाजपा को हराने की अपील की।
राष्ट्रीय सचिव ओपी यादव ने कहा कि देश और प्रदेश में भ्रष्टाचार व महंगाई चरम पर है। अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष हरेराम यादव और संचालन मंजूर आलम व मंजूर हसन ने संयुक्त रूप से किया। जिलाध्यक्ष व्यास यादव, पूर्व विधायक मनबोध प्रसाद समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
