विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवरिया के पथरदेवा EO पर हमला, अपहरण का प्रयास; अवैध असलहे दिखाकर धमकाने का आरोप

Published: Fri, 09 Oct 2026 02:43 PM (IST)

नगर पंचायत पथरदेवा के अधिशासी अधिकारी हिमांशु प्रताप सिंह के साथ मारपीट और अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया ...और पढ़ें

मौके पर जुटी भीड़। घटना की जानकारी लेती पुलिस। जागरण

मौके पर जुटी भीड़। घटना की जानकारी लेती पुलिस। जागरण

HighLights

  1. पथरदेवा ईओ हिमांशु प्रताप सिंह पर मारपीट और अपहरण का प्रयास।

  2. अध्यक्ष कमलेश सिंह ने 10-12 लोगों पर लगाए गंभीर आरोप।

  3. पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को हिरासत में लिया, जांच जारी।

संवाद सूत्र, पथरदेवा, (देवरिया)। नगर पंचायत पथरदेवा के अधिशासी अधिकारी (ईओ) हिमांशु प्रताप सिंह के साथ मारपीट कर उन्हें जबरन ले जाने के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज की गई और अवैध असलहे दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई। नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश सिंह ने तरकुलवा थाने में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

तहरीर के अनुसार, आठ अक्टूबर की रात ईओ हिमांशु प्रताप सिंह किसी काम से बाहर गए थे। इस दौरान कुछ नए चेहरों के दिखाई देने की जानकारी मिलने पर वह नगर पंचायत अध्यक्ष के घर पहुंचे। अध्यक्ष ने उन्हें रात करीब 11 बजे पथरदेवा स्थित अपने घर आने के लिए कहा। आरोप है कि रात करीब 12 बजे जब अध्यक्ष अपने घर पहुंचे तो ईओ डरे और सहमे हुए थे। इसी दौरान विकास नाम का एक व्यक्ति उन्हें बार-बार फोन कर पथरदेवा चौराहे पर बुला रहा था।

तहरीर में बताया गया है कि इसके बाद अध्यक्ष ईओ को लेकर पथरदेवा चौराहे पर पहुंचे। वहां तीन चारपहिया वाहन खड़े थे, जिनमें से एक का नंबर लखनऊ का बताया गया है। आरोप है कि वाहनों से धीरज, करुणेश और विकास समेत 10 से 12 लोग उतरे और ईओ के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास करने लगे। इस दौरान ईओ चोटिल होकर बेहोश हो गए।

आरोपितों के पास अवैध असलहे होने और सड़क पर वाहन लहराते हुए जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। घटना की सूचना तत्काल तरकुलवा थाने को दी गई। तहरीर के मुताबिक, पुलिस के मौके पर पहुंचने पर आरोपित भागने लगे। इस दौरान पुलिस ने दो लोगों को पकड़ लिया। उनकी पहचान नितेश शुक्ला और विवेक दुबे के रूप में बताई गई है। पुलिस दोनों को थाने ले गई।

यह भी पढ़ें- देवरिया में बेटी की फीस जमा करने जा रही मां की सड़क हादसे में मौत, मचा कोहराम

नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश सिंह ने आरोप लगाया कि घटना से पथरदेवा बाजार में भय का माहौल पैदा हो गया है। उन्होंने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ अपहरण के प्रयास, मारपीट, धमकी देने समेत अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। अध्यक्ष का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होने से भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकेगा।

यह भी पढ़ें- देवरिया में रामेश्वर तिवारी हत्याकांड के बाद सरकारी पोखरी की जमीन से हटा अवैध कब्जा, चला बुलडोजर