नूरीगंज-मिश्रौली दीक्षित के बीच छोटी गंडक पर बनेगा दीर्घ सेतु, देवरिया की 70 हजार आबादी का सफर होगा आसान
देवरिया में नूरीगंज-मिश्रौली दीक्षित के बीच छोटी गंडक नदी पर 28.43 करोड़ रुपये की लागत से दीर्घ सेतु बनेगा, जिससे 70 हजार आबादी को आवागमन में सुविधा होगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
नूरीगंज-मिश्रौली दीक्षित के बीच छोटी गंडक पर बनेगा दीर्घ सेतु।
28.43 करोड़ रुपये की परियोजना से 70 हजार आबादी को लाभ।
भटनी उपनगर के जाम से मिलेगी राहत, बढ़ेगी कनेक्टिविटी।
जागरण संवाददाता, देवरिया। भटनी उपनगर के जाम और लंबी दूरी के चक्कर से जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है। छोटी गंडक नदी पर नूरीगंज के सामने दीर्घ सेतु निर्माण की परियोजना को शासन ने हरी झंडी दे दी है। सेतु, पहुंच मार्ग, अतिरिक्त पहुंच मार्ग और सुरक्षात्मक कार्यों के लिए 28 करोड़ 43 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रथम चरण के लिए 9 करोड़ 95 लाख पांच हजार रुपये भी जारी कर दिए गए हैं। पुल बनने से नदी के दोनों किनारों की करीब 70 हजार आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।
प्रस्तावित सेतु की कुल लंबाई 134.08 मीटर
खास बात यह होगी कि लोगों को रेलवे स्टेशन आने-जाने के लिए भटनी उपनगर के भीतर से गुजरने की मजबूरी नहीं रहेगी। यह मार्ग बाईपास के रूप में भी उपयोगी साबित होगा। प्रस्तावित सेतु की कुल लंबाई 134.08 मीटर होगी।
इसके दोनों तरफ 200-200 मीटर लंबे पहुंच मार्ग बनाए जाएंगे। इसके अलावा मिश्रौली दीक्षित की तरफ करीब 800 मीटर लंबा अतिरिक्त पहुंच मार्ग भी बनेगा। यह पुल एक तरफ नूरीगंज तो दूसरी तरफ मिश्रौली दीक्षित को जोड़ेगा।
अभी नदी के दोनों किनारों के लोगों को एक-दूसरे क्षेत्र में आने-जाने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। पुल बनने के बाद यह दूरी कम होगी और आवागमन का एक नया विकल्प उपलब्ध होगा। रेलवे स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों के साथ ही रोजाना कारोबार, शिक्षा और अन्य जरूरी कामों से आने-जाने वाले लोगों को भी सहूलियत मिलेगी।
भटनी उपनगर को परियोजना का सबसे बड़ा लाभ
सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक विजेंद्र सिंह ने बताया कि सेतु निर्माण की स्वीकृति मिलने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी। इस परियोजना का सबसे बड़ा लाभ भटनी उपनगर को भीड़ और यातायात के दबाव से राहत मिलने के रूप में सामने आएगा। रेलवे स्टेशन जाने वाले लोगों को अब बाजार के व्यस्त रास्तों से होकर गुजरने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
नूरीगंज से मिश्रौली दीक्षित के बीच सीधा संपर्क मार्ग बनने से वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध होगा। इससे बाजार के भीतर वाहनों का दबाव कम करने में भी मदद मिल सकती है। वहीं, आसपास के गांवों के लोगों को अस्पताल, बाजार, शिक्षण संस्थानों और अन्य जरूरी सुविधाओं तक पहुंचने में कम समय लगेगा।
प्रस्तावित सेतु से छोटी गंडक के एक तरफ नूरीगंज, वीरसिंहपुर, परसौनी, जिरासो, पुरनाछापर, पिपरा देवराज, सिसवा, एकडंगा और भटनी बाजार सहित कई गांवों को लाभ मिलेगा।
वहीं दूसरी तरफ मिश्रौली दीक्षित, पिपरा दीक्षित, डुमरी, जिगनी दीक्षित, जिगनी, रामपुर खोरीबारी और खिरिया समेत अन्य गांवों के लोगों का आवागमन आसान होगा।
करीब 70 हजार की आबादी को जोड़ने वाली इस परियोजना से क्षेत्र में संपर्क व्यवस्था मजबूत होने के साथ स्थानीय कारोबार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
लोक निर्माण विभाग के विशेष सचिव शेषनाथ की ओर से छह नवंबर को इस संबंध में शासनादेश जारी किया गया है। परियोजना की कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम होगी।
दो माह पहले इस परियोजना का प्रस्ताव शासन को भेजा था। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद अब निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ने का रास्ता साफ हुआ है।
-सुरेंद्र चौरसिया, विधायक रामपुर कारखाना
यह भी पढ़ें- देवरिया में उग्रसेन सेतु की मरम्मत से जनजीवन प्रभावित, दो महीने और करना होगा इंतजार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।