देवरिया में राप्ती पर बनेगा 22 मीटर चौड़ा नया फोरलेन पुल, उग्रसेन सेतु पर यातायात दबाव से मिलेगी राहत
देवरिया में पुराने उग्रसेन सेतु के विकल्प के रूप में राप्ती नदी पर 22 मीटर चौड़ा नया फोरलेन पुल बनेगा, जिससे यातायात के दबाव से राहत मिलेगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
राप्ती नदी पर 22 मीटर चौड़ा नया फोरलेन पुल बनेगा।
पुराने उग्रसेन सेतु पर यातायात दबाव कम होगा।
परियोजना को मंत्रालय की वार्षिक कार्ययोजना में मंजूरी मिली।
जागरण संवाददाता, देवरिया। दशकों पुराने उग्रसेन सेतु की जर्जर होती स्थिति और उस पर लगातार बढ़ते यातायात के दबाव के बीच बड़ी राहत की उम्मीद जगी है। कपरवार में राप्ती नदी पर मौजूदा पुल के समानांतर नया फोरलेन सेतु बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की वार्षिक कार्ययोजना में शामिल कर लिया गया है।
22 मीटर चौड़े प्रस्तावित पुल के निर्माण की दिशा में अब अगला कदम विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराने का है। इसके लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। फर्म का चयन होने के बाद पुल का एलाइनमेंट निर्धारित होगा।
पुराने पुल पर आम दिनों में भी वाहनों का दबाव
उग्रसेन सेतु पर बार-बार दरारें उभरने, डेक क्षतिग्रस्त होने और मरम्मत के लिए यातायात रोकने की नौबत आने से इस मार्ग की निर्भरता पुराने पुल पर भारी पड़ रही है। सीमित चौड़ाई के कारण आम दिनों में भी वाहनों का दबाव बना रहता है।
पुल पर किसी तरह की तकनीकी खराबी आने पर देवरिया, बरहज और आसपास के क्षेत्रों का आवागमन प्रभावित हो जाता है। ऐसे में समानांतर नए फोरलेन सेतु की मांग लंबे समय से उठ रही थी। अगस्त में इसका प्रस्ताव मंत्रालय को भेजा गया था, जिसे अब वार्षिक कार्ययोजना में जगह मिल गई है।
नया पुल बनने से रामजानकी मार्ग (एनएच-227ए) पर आवागमन को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है। यह मार्ग कसया-देवरिया-सोनूघाट-बरहज होते हुए वाराणसी तक प्रस्तावित नार्थ-साउथ कॉरिडोर को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। नए सेतु से न केवल पुराने पुल पर निर्भरता कम होगी, बल्कि भारी वाहनों और लंबी दूरी के यात्रियों को भी आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
बाईपास बने तो कपरवार-बरहज को भी मिले राहत
नए पुल के साथ कपरवार और बरहज कस्बों को भारी वाहनों के दबाव से मुक्त करने की जरूरत भी सामने आ रही है। भारतमाला परियोजना के तहत गोरखपुर के बड़हलगंज से मेहरौनाघाट तक रामजानकी मार्ग का चौड़ीकरण कराया जा रहा है। कपरवार-बरहज खंड में कपरवार के पास करीब दो किलोमीटर तक सड़क की चौड़ाई 14 मीटर रखी गई है, जबकि आगे सड़क 10 मीटर चौड़ी होगी। ऐसे में कस्बों की आबादी के बीच से गुजरने वाले यातायात का दबाव भविष्य में भी चुनौती बना रह सकता है।
स्थानीय लोगों का सुझाव है कि कपरवार से बरहज के बीच आबादी से बाहर ग्रीनफील्ड बाईपास बनाया जाए और उसे प्रस्तावित सोनूघाट-बरहज फोरलेन से जोड़ दिया जाए। इससे दोनों कस्बों के भीतर से भारी वाहनों की आवाजाही कम होगी और स्थानीय लोगों को जाम तथा दुर्घटनाओं की आशंका से राहत मिल सकेगी। हालांकि, फिलहाल बाईपास का प्रस्ताव स्वीकृत नहीं है, लेकिन नए पुल के साथ इसकी जरूरत भी महत्वपूर्ण हो गई है।
रामजानकी मार्ग की मूल परियोजना में शामिल नहीं था नया पुल
रामजानकी मार्ग के चौड़ीकरण की मूल परियोजना में उग्रसेन सेतु के समानांतर नए फोरलेन पुल का निर्माण शामिल नहीं था। वर्ष 2024 में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की परियोजना क्रियान्वयन इकाई, गोरखपुर की ओर से किमी 131.500 से 188.735 तक 57.235 किलोमीटर लंबे मार्ग के निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसमें देवरिया जिले का 39.094 किलोमीटर हिस्सा शामिल है।
कुल 598.92 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना का कार्य चार नवंबर 2024 को शुरू हुआ था। इसे तीन मई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। योजना के तहत गोरखपुर सीमा से कुंडौली तक सड़क को 10 मीटर चौड़ा किया जा रहा है, जबकि कुंडौली से मेहरौना सीमा तक 20 मीटर चौड़ी फोरलेन सड़क बनाई जा रही है। ऐसे में समानांतर नए पुल का निर्माण मूल परियोजना से अलग प्रस्ताव के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है।
डीपीआर के लिए जल्द शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया
परियोजना क्रियान्वयन इकाई, गोरखपुर के प्रोजेक्ट इंजीनियर सुमित सिंह ने बताया कि कपरवार के सामने राप्ती नदी पर नए फोरलेन सेतु के निर्माण का प्रस्ताव अगस्त में मंत्रालय को भेजा गया था। इसे वार्षिक कार्ययोजना में शामिल कर लिया गया है। सैद्धांतिक स्वीकृति मिलने के बाद डीपीआर तैयार कराने के लिए जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रस्तावित सेतु की चौड़ाई करीब 22 मीटर होगी। फर्म का चयन होने के बाद आगे की तकनीकी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।