‘हनुमान अंश’ के बाद खुलेगा देवरहा बाबा के रहस्यमयी जीवन का रहस्य, देवरिया आश्रम से मिली अनुमति
संत देवरहा बाबा के रहस्यमयी जीवन पर आधारित फिल्म 'मचान बाबा' बनने जा रही है। निर्माता कंपनी ने आश्रम पहुंचकर ...और पढ़ें

HighLights
संत देवरहा बाबा पर बनेगी फिल्म 'मचान बाबा'।
निर्माता टीम ने देवरिया आश्रम से ली मौखिक अनुमति।
फिल्म में बाबा के रहस्यमयी जीवन, साधना पर शोध।
एसके सिंह, देवरिया। आस्था, अध्यात्म और रहस्य का अनूठा संगम माने जाने वाले संत देवरहा बाबा की जीवनगाथा अब बड़े पर्दे पर उतरने जा रही है। ‘हनुमान अंश’ के बाद आध्यात्मिक विषयों पर सिनेमा की बढ़ती दिलचस्पी के बीच देवरहा बाबा पर आधारित फिल्म ‘मचान बाबा’ बनाने की तैयारी है।
फिल्म बनाने में लगी एक निर्माता कंपनी का प्रतिनिधिमंडल नोएडा से मईल स्थित देवरहा बाबा आश्रम पहुुुंचे और उनके शिष्य एवं वर्तमान में आश्रम के महंत श्याम सुंदर दास से मुलाकर इसके लिए अनुमति मांगी। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के भतीजे भी शामिल थे। महंत की मौखिक सहमति मिलने के बाद विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
देवरिया की धरती से गहरा जुड़ाव
देवरिया की धरती से गहरा जुड़ाव रखने वाले देवरहा बाबा का व्यक्तित्व लंबे समय से लोगों की जिज्ञासा का केंद्र रहा है। नदी किनारे ऊंचे मचान पर रहना, वहीं से भक्तों को दर्शन देना और उनके जीवन से जुड़ी रहस्यमयी कथाएं उनकी पहचान का हिस्सा बन गईं।
उनकी आयु को लेकर भी अलग-अलग दावे प्रचलित रहे हैं। हालांकि, इन दावों की सर्वमान्य ऐतिहासिक पुष्टि नहीं है। ऐसे में फिल्म के जरिए उनके जीवन से जुड़े प्रसंगों को किस तरह प्रस्तुत किया जाएगा, इस पर दर्शकों की निगाह रहेगी।
जार्ज पंचम से इंदिरा गांधी तक के प्रसंगों पर शोध
फिल्म निर्माताओं के मुताबिक, ‘मचान बाबा’ की कहानी केवल चमत्कारों तक सीमित नहीं रहेगी। इसमें देवरहा बाबा की जीवनशैली, साधना, आध्यात्मिक प्रभाव और देश की प्रमुख हस्तियों से जुड़े प्रसंगों को शोध के आधार पर सामने लाने की तैयारी है।
ब्रिटिश सम्राट जार्ज पंचम, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी से जुड़ी मुलाकातों के विवरण भी शोध का हिस्सा होंगे। नीब करौरी बाबा के साथ उनके संबंधों से जुड़े संस्मरणों को भी खंगाला जा रहा है।
देवरिया की पहचान को मिल सकता है नया मंच
देवरहा बाबा का नाम देवरिया की आध्यात्मिक विरासत से जुड़ा है। उन पर बनने वाली फिल्म से जिले की पहचान राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आने की संभावना है। स्थानीय लोगों और बाबा के अनुयायियों के लिए भी यह उत्सुकता का विषय होगा कि फिल्म में उनके जीवन, साधना और जनमानस पर पड़े प्रभाव को कितनी प्रमुखता मिलती है। यदि फिल्म में देवरिया से जुड़े स्थलों और प्रसंगों को उचित स्थान मिलता है, तो यह जिले की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बन सकती है।
देवरहा बाबा पर फिल्म बनाने के सिलसिले में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के भतीजे कुछ स्थानीय लोगों के साथ आश्रम आए थे। उन्होंने कहा कि हम लोग बाबा के जीवन पर फिल्म बनाएंगे और इसे सिनेमा के बड़े पर्दे पर रिलीज करेंगे। इसके लिए उन्होंने हमसे लिखित अनुमति मांगी है। हमें यह भी बताया गया कि फिल्म को वर्ष 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है।
-महंत श्याम सुंदर दास, देवरहा बाबा आश्रम
यह भी पढ़ें- 'हनुमान अंश' में नीम करोली बाबा का बाल रूप निभाने के बाद पढ़ने लगे हनुमान चालीसा, विहान बोले- बदल गया जीवन
यह भी पढ़ें- हनुमान अंश की सफलता के बाद एक और धार्मिक मूवी...'मचान बाबा', इंदिरा गांधी और अटल बिहारी तक थे कायल
