विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'हनुमान अंश' में नीम करोली बाबा का बाल रूप निभाने के बाद पढ़ने लगे हनुमान चालीसा, विहान बोले- बदल गया जीवन

Published: Thu, 15 Oct 2026 09:43 AM (IST)

नीम करोली बाबा का बाल रूप निभाने के बाद 13 वर्षीय विहान की जिंदगी बदल गई है, जिससे उनकी आस्था ...और पढ़ें

नीम करौली बाबा का बाल रूप निभाने वाले चाइल्ड एक्टर विहान। (Pic Credit: Instagram)

नीम करौली बाबा का बाल रूप निभाने वाले चाइल्ड एक्टर विहान। (Pic Credit: Instagram)

HighLights

  1. नीम करौली बाबा का किरदार निभाकर विहान की जिंदगी बदली

  2. रोजाना हनुमान चालीसा पाठ से विहान की आस्था बढ़ी

  3. 'हनुमान अंश' पहली फिल्म, विहान का अभिनेता बनने का सपना

संजय कुमार, बाहरी दिल्ली। नीम बाबा का बाल रूप पर्दे पर निभाने के बाद 13 वर्षीय विहान की जिंदगी में बड़ा बदलाव आया है। अब उनकी बाबा जी और हनुमान जी के प्रति आस्था बढ़ गई है।

वह रोजाना हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं और इससे उन्हें सकारात्मक ऊर्जा महसूस होती है। पुणे के रहने वाले बाल कलाकार विहान ने मंगलवार देर रात रोहिणी सेक्टर-11 स्थित जापानी पार्क में दैनिक जागरण से विशेष बातचीत में यह बात साझा की। वह नव श्री केशव रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित रामलीला में पहुंचे थे।

विहान की पहली फिल्म है 'हनुमान अंश'

आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले विहान ने बताया कि ‘हनुमान अंश’ उनकी पहली फिल्म है। हिंदी प्रोजेक्ट के तहत बनी इस फिल्म में उन्हें नीम करौली बाबा के बाल रूप का किरदार निभाने का मौका मिला। शुरुआत में उन्हें पता नहीं था कि फिल्म में उन्हें बाबा जी की भूमिका निभानी है। जब उन्हें इस बारे में जानकारी मिली तो उन्होंने नीम करौली बाबा के जीवन के बारे में पढ़ा और उनके बाल रूप को पर्दे पर उतारने की तैयारी की।

विहान के मुताबिक, इस किरदार को निभाने के बाद उनकी जिंदगी में कई बदलाव आए हैं। पहले उन्हें बहुत कम लोग जानते थे, लेकिन फिल्म के जरिए उन्हें नई पहचान मिली है। वह इसके लिए बाबा जी और हनुमान जी का आभार जताते हैं।

फिल्म की सफलता से परिवार और दोस्त खुश

विहान ने बताया कि फिल्म को दर्शकों से मिल रहे प्यार से उनका परिवार और दोस्त बेहद खुश हैं। फिल्म की सफलता के बाद अब उन्हें स्कूल जाने को लेकर भी खासा उत्साह है। उन्हें अच्छा लगता है कि लोग उनके अभिनय को पसंद कर रहे हैं और उन्हें पहचान रहे हैं। उन्होंने अपने परिवार को सबसे खास बताते हुए कहा कि उनके मम्मी-पापा ही उनके असली अभिनेता और अभिनेत्री हैं। परिवार का साथ और दोस्तों की खुशी उनके लिए सबसे ज्यादा मायने रखती है।

एसएसटी पसंदीदा विषय, अभिनेता बनने का सपना

पढ़ाई के साथ अभिनय की दुनिया में कदम रखने वाले विहान को स्कूल में सामाजिक विज्ञान (एसएसटी) विषय बहुत पसंद है। हालांकि, उनका सपना बड़ा होकर अभिनेता बनने का है। वह आगे भी फिल्मों में काम करना चाहते हैं और अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीतना चाहते हैं।

यह भी पढ़ें- 69वें दिन नीम बाबा की फिल्म Hanuman Ansh की कमाई ने छू लिया आसमान, बुधवार को हुआ छप्परफाड़ कलेक्शन

यह भी पढ़ें- 70वें दिन Hanuman Ansh पर हुई नीम बाबा की कृपा, बुधवार को डिवोशनल ड्रामा पर फिर हुई नोटों की बारिश