हनुमान अंश की सफलता के बाद एक और धार्मिक मूवी...'मचान बाबा', इंदिरा गांधी और अटल बिहारी तक थे कायल
ब्रह्मर्षि देवराहा बाबा के जीवन और रहस्यों पर आधारित फिल्म 'मचान बाबा' 2027 में रिलीज होगी। यह फिल्म उनकी आध्यात्मिक ...और पढ़ें

देवराहा बाबा। फाइल फोटो
HighLights
ब्रह्मर्षि देवराहा बाबा के जीवन पर बनेगी फिल्म 'मचान बाबा'।
आध्यात्मिक साधना और राजनीतिक हस्तियों से जुड़ाव दिखेगा।
विपिन पाराशर, वृंदावन। ब्रज के प्रसिद्ध सिद्ध संत ब्रह्मर्षि देवराहा बाबा के जीवन, आध्यात्मिक साधना और उनसे जुड़े रहस्यों पर अब फिल्म बनेगी। ‘मचान बाबा’ शीर्षक से बनने वाली इस फिल्म का टाइटल पोस्टर जारी कर दिया गया है। फिल्म को वर्ष 2027 में रिलीज करने की योजना है।
फिल्म निर्माता पूनम गुप्ता और विकल्प पालीवाल इसके जरिए देवराहा बाबा के जीवन से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों, संस्मरणों और मानवीय अनुभवों को पर्दे पर प्रस्तुत करेंगे। बाबा नीबकरौरी के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद यह पहल की जा रही है। ओजस फिल्म्स के बैनर तले बनने वाली इस फिल्म की कहानी के लिए शोध और प्री-प्रोडक्शन का काम चल रहा है।
ब्रह्मर्षि देवराहा बाबा यमुना पार मचान पर रहकर साधना करते थे। जीवन के अंतिम पड़ाव का बड़ा हिस्सा उन्होंने वृंदावन में बिताया। उनके दर्शन के लिए देश की कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियां भी पहुंचती थीं। उनके भक्तों में पूर्व राष्ट्रपति डा. राजेंद्र प्रसाद, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और अटल बिहारी वाजपेयी के नाम शामिल हैं। उनकी आयु को लेकर भी कई तरह के दावे किए जाते रहे हैं, जो आज तक रहस्य बने हैं।
फिल्म निर्माता पूनम गुप्ता के अनुसार, देवराहा बाबा का जीवन आध्यात्मिक होने के साथ ऐतिहासिक और मानवीय दृष्टि से भी दिलचस्प है। उनकी कहानी को प्रमाणिकता के साथ प्रस्तुत करने के लिए उपलब्ध दस्तावेजों, पुरानी तस्वीरों, किताबों और प्रत्यक्षदर्शियों के संस्मरणों का अध्ययन किया जा रहा है।
फिल्म निर्माता विकल्प पालीवाल के अनुसार, ‘मचान बाबा’ केवल चमत्कारों की कहानी नहीं होगी। इसमें आस्था, इतिहास, राजनीति और बाबा के व्यक्तित्व से जुड़े अनसुलझे रहस्यों की विभिन्न परतें देखने को मिलेंगी।
