देवरिया के पिड़रा घाट पर बनेगा 242 मीटर लंबा नया पुल, आवागमन होगा सुगम
देवरिया के पिड़रा घाट पर गोर्रा नदी पर बाढ़ से कटान की समस्या झेल रहे लोगों को जल्द राहत मिलेगी। ...और पढ़ें
-1793527248829_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
पिड़रा घाट पर 242.48 मीटर नया पुल बनेगा।
निर्माण पर लगभग 37.58 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
लोक निर्माण विभाग ने डीपीआर शासन को भेजी।
श्यामानंद पांडेय, देवरिया। गोर्रा नदी के पिड़रा घाट पर हर साल बाढ़ के दौरान कटान और आवागमन की समस्या झेल रहे लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है। लोक निर्माण विभाग ने पुराने पुल के समानांतर 242.48 मीटर लंबे नए पुल के निर्माण की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर शासन को भेज दी है। पुल, पहुंच मार्ग और सुरक्षात्मक कार्यों पर करीब 37.58 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
देवरिया-रुद्रपुर-करहकोल मार्ग के किलोमीटर 41 में पचलड़ी पिड़रा घाट पर गोर्रा नदी में वर्ष 1988 में 120 मीटर लंबा पुल बनाया गया था। करीब 38 वर्ष पुराने इस पुल के पहुंच मार्ग पर वर्षा ऋतु में बाढ़ के दौरान कटान हो जाता है। इससे आवागमन प्रभावित होता है। लोक निर्माण विभाग हर साल मरम्मत कराकर रास्ते को यातायात के लिए बहाल करता है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा है। समस्या की गंभीरता को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने पुल की मॉडल स्टडी आइआरआइ रुड़की से कराई।
अध्ययन में मिले सुझावों के आधार पर पुराने पुल के समानांतर नए दीर्घ पुल के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। प्रस्तावित पुल की लंबाई 242.48 मीटर होगी। इसमें पुल के साथ पहुंच मार्ग, अतिरिक्त पहुंच मार्ग और सुरक्षात्मक कार्य भी कराए जाएंगे। विभाग के अनुसार, प्रस्तावित स्थल के अपस्ट्रीम में सात किलोमीटर की दूरी पर बोहाबार मार्ग तथा डाउनस्ट्रीम में 6.5 किलोमीटर दूर नरायणपुर में पुल पहले से निर्मित हैं। नया पुल बनने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन का एक सुरक्षित और बेहतर विकल्प मिल सकेगा।
नए पुल को वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में शामिल किया गया है। निर्माण पूरा होने में करीब दो वर्ष लगने की संभावना है। हालांकि, स्थायी पुल बनने तक पुराने पुल के पहुंच मार्ग पर सुरक्षित आवागमन बनाए रखने के लिए अस्थायी सुरक्षात्मक कार्य भी प्रस्तावित हैं।
इसके लिए पुल मरम्मत कार्ययोजना के तहत आगणन तैयार कर शासन को भेजा गया है। प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जंग बहादुर सिंह ने बताया कि नए पुल के निर्माण की डीपीआर शासन को भेज दी गई है। स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।