देवरिया में पांच करोड़ के विकास प्रस्ताव स्वीकृत, सड़कें होंगी गड्ढामुक्त और छठ घाटों पर मिलेंगी सुविधाएं
देवरिया नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में पांच करोड़ रुपये के विकास प्रस्तावों को मंजूरी मिली है। इसमें सड़कों ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
पांच करोड़ के विकास प्रस्तावों को मिली मंजूरी।
शहर की सड़कें गड्ढामुक्त होंगी, छठ घाटों पर सुविधाएँ।
ठंड से बचाव हेतु अस्थायी रैन बसेरे स्थापित होंगे।
जागरण संवाददाता, देवरिया। शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त कराने के साथ ही छठ पर्व पर घाटों पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने व ठंड से बचाव के लिए अस्थायी रैन बसेरे स्थापित करने की तैयारी है। नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक सभागार में शनिवार को इन कार्यों सहित विभिन्न विकास कार्यों के करीब पांच करोड़ रुपये के प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।
नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष अलका सिंह की अध्यक्षता में बैठक करीब 12.30 बजे शुरू हुई। बैठक में पिछली बोर्ड बैठक की कार्यवाही की पुष्टि सहित कुल दस एजेंडा बिंदुओं पर चर्चा की गई। इसमें नगर क्षेत्र की सड़कों को गड्ढामुक्त कराने के लिए प्रस्तावित कार्यों पर होने वाले व्ययभार की स्वीकृति प्रमुख रही। इसके अलावा छठ पर्व को देखते हुए घाटों पर प्रकाश व्यवस्था, टी-स्टाल व बैरिकेडिंग कराने का प्रस्ताव रखा गया। ठंड के मौसम में जरूरतमंदों को राहत देने के लिए अस्थायी रैन बसेरे स्थापित करने पर भी सहमति बनी।
बैठक में एमआरएफ सेंटर के वाहनों की मरम्मत के लिए आवश्यक सामग्री की खरीद, जलकल एवं प्रकाश अनुभाग की ओर से प्रस्तुत प्रस्तावों पर भी विचार किया गया। नगर पालिका की ओर से नवनिर्मित दुकानों की नीलामी के लिए प्रीमियम राशि निर्धारित करने का प्रस्ताव रखा गया।
वहीं, थोक एवं फुटकर मछली विक्रेताओं के लिए क्रमशः 165 वर्ग फीट व 20 वर्ग फीट स्थान आवंटित करने के साथ प्रीमियम एवं मासिक शुल्क निर्धारित करने पर भी चर्चा हुई। बोर्ड लिपिक रवि प्रकाश श्रीवास्तव ने सभी एजेंडा बिंदुओं को सदन के समक्ष पढ़कर सुनाया। सभासदों ने प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की, जिसके बाद बहुमत एवं सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं जन समस्याएं, इलाज के लिए दिया भरोसा
इस दौरान अधिशासी अधिकारी संजय कुमार तिवारी, सहायक अभियंता (जल) अनुग्रह नारायण सिंह, सभासद मनोज गोयल, धर्मेंद्र सिंह, संजय मिश्र,सत्यप्रकाश सिंह, प्रियंका वर्मा, अमित मिश्र, रमेश मल्ल, वंदना देवी, पुष्पा देवी, पवन जायसवाल सहित अन्य सभासद मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में PET का आज अंतिम दिन, 46 हजार अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।