विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती में देवरिया के युवाओं का जलवा, गांव-कस्बों में जश्न का माहौल

Published: Sun, 18 Oct 2026 02:22 PM (IST)

देवरिया जिले के तरकुलवा और भागलपुर ब्लॉक के युवाओं ने उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही पद पर चयनित होकर अपनी ...और पढ़ें

AI Image

AI Image

HighLights

  1. देवरिया के तरकुलवा, भागलपुर ब्लॉक से कई युवा चयनित।

  2. शुभम-श्वेता पांडेय भाई-बहन ने एक साथ पाई सफलता।

  3. युवाओं ने यूट्यूब, नोट्स से की कड़ी तैयारी।

संवाद सूत्र, तरकुलवा/भागलपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही पद पर चयनित होकर देवरिया के युवाओं ने अपनी मेहनत और लगन का परिचय दिया है। तरकुलवा कस्बे के चार युवकों का चयन हुआ है, जबकि भागलपुर ब्लाक के बलिया गांव के पांच युवक-युवतियों ने सफलता हासिल की है। भागलपुर कस्बे में भी एक परिवार के दो सदस्यों के पुलिस में चयन से खुशी का माहौल है। चयनित अभ्यर्थियों के घर बधाई देने वालों का तांता लगा है।

तरकुलवा कस्बे के सतीश चंद्र गुप्ता कुछ दिन पहले ही सेना से सेवानिवृत्त हुए थे। अब उनका चयन उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही पद पर हुआ है। कस्बे के अरविंद वर्मा पुत्र शंभू वर्मा, सूरज कुशवाहा और विशाल कुमार गौड़ पुत्र संतोष ने भी सफलता हासिल की है। इनमें कई युवकों ने पहले ही प्रयास में चयनित होकर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

भागलपुर ब्लाक के बलिया गांव के शुभम पांडेय, श्वेता पांडेय, वंदना कुशवाहा, मिथिलेश गौड़ और गौरव यादव का चयन उत्तर प्रदेश पुलिस में हुआ है। ग्रामीणों के मुताबिक, ये सभी पिछले दो वर्षों से तैयारी कर रहे थे। सुबह चार बजे गांव के बाहर खेतों के रास्ते पर दौड़ लगाने के बाद वे पढ़ाई में जुट जाते थे। महंगी कोचिंग का खर्च उठा पाना संभव नहीं था, इसलिए उन्होंने यूट्यूब और एक-दूसरे के नोट्स की मदद से तैयारी की।

इनमें सगे भाई-बहन शुभम पांडेय और श्वेता पांडेय की सफलता की खास चर्चा है। श्वेता के मुताबिक, भाई ने हमेशा उनका हौसला बढ़ाया। लोग कहते थे कि लड़की होकर पुलिस में क्या करोगी, लेकिन भाई उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते रहे। आज दोनों ने एक साथ वर्दी हासिल कर ली है।

ग्रामीण नित्यानंद पांडेय और बृजेश पांडेय ने बताया कि गांव से एक साथ पांच युवक-युवतियों का चयन होना गर्व की बात है। इससे दूसरे युवाओं को भी मेहनत कर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। भागलपुर कस्बा निवासी काशी गोंड की पुत्री प्रीति गोंड के चयन से परिवार में खुशी है।

यह भी पढ़ें- देवरिया के पैकौली ग्राउंड में तैयारी कर 30 युवा बने कांस्टेबल, 35 को मिली होमगार्ड की नौकरी

उनके भाई रामकिशुन गोंड के पुत्र विशाल गोंड का भी पुलिस में चयन हुआ है। परिवार के मुताबिक, विशाल के भाई का एक वर्ष पहले ही उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल पद पर चयन हो चुका था। अब प्रीति और विशाल की सफलता ने परिवार की खुशियां बढ़ा दी हैं।

यह भी पढ़ें- देवरिया में 30 साल की सिविल जज जागृति का निधन, न्यायिक जगत में शोक