देवरिया में पहलवानों की जंग से पहले मैट पर 'संग्राम', दबाव में बदला फैसला
देवरिया में राज्यस्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में खराब मौसम के कारण देर से पहुंची मेरठ मंडल की बालिका पहलवानों को अधिकारियों ...और पढ़ें

राज्यस्तरीय कुश्ती के दौरान मैच में प्रवेश से रोकने पर मेरठ की बालिकाओं में दिखा आक्रोश। जागरण
HighLights
खराब मौसम से देरी पर मेरठ की पहलवानों को रोका गया।
खिलाड़ियों ने मैट पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया, मचा हंगामा।
आयोजकों के हस्तक्षेप के बाद अधिकारियों ने अपना फैसला बदला।
जागरण संवाददाता, देवरिया। जीआइसी मैदान में चल रही राज्यस्तरीय विद्यालयी कुश्ती प्रतियोगिता के दूसरे दिन शनिवार को खेल भावना पर प्रशासनिक नियमों का चाबुक चला। खराब मौसम के बीच जब मेरठ मंडल की बालिका पहलवान खेल मैदान में पहुंचीं, तो देरी का हवाला देकर उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। इससे नाराज खिलाड़ी मैट पर ही धरने पर बैठ गईं, जिस पर हो हल्ला शुरू हो गया। जिससे कुछ देर के लिए मैच रोक दिया गया।
शनिवार को अंडर-14, 17 और 19 आयु वर्ग की कुश्तियों के लिए सुबह सात से आठ बजे के बीच वजन की प्रक्रिया तय थी। हालांकि, टीम के साथ विद्यालयी कोच के न होने और बारिश के कारण बेगम लतिफुननिसा इंटर कालेज अबू बकर नगर से प्रतियोगिता स्थल तक पहुंचने के दौरान परिवहन की दुश्वारियों से खिलाड़ी समय सीमा से पिछड़ गईं। कागजातों और वजन की औपचारिकताएं न पूरी होने का हवाला देकर आफिशियल पैनल ने उनके प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी, जिसने जलते में घी का काम किया।
अपने हक की लड़ाई लड़ने के लिए बालिकाओं ने मैट को ही अखाड़ा बना लिया। विरोध बढ़ता देख आयोजक समिति के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में पहुंचे पदाधिकारियों ने आक्रोशित खिलाड़ियों को समझाया और आफिशियल पैनल को विशेष परिस्थितियों की दुहाई दी। लंबी बहस के बाद आखिरकार प्रबंधकों को झुकना पड़ा। खिलाड़ियों का वजन कराया गया और उन्हें प्रतियोगिता में प्रवेश की अनुमति दी गई, तब जाकर मैट पर दोबारा मुकाबले शुरू हो सके।
