देवरिया में तीसरे दिन भी नहीं थमीं सिसकियां, सांत्वना देने वालों का लगा तांता
देवरिया में सुल्तानपुर हादसे के तीसरे दिन भी तीन परिवारों में मातम पसरा है, जहां सूबेदार सत्यवान सिंह और भाजपा ...और पढ़ें
-1791307573948_m.webp)
HighLights
देवरिया में तीन परिवारों में तीसरे दिन भी मातम जारी।
सुल्तानपुर हादसे में सूबेदार सत्यवान सिंह समेत चार की मृत्यु।
पूर्व विधायक देवनारायण सिंह ने पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी।
श्यामानंद पांडेय, रुद्रपुर। रविवार की काली सुबह ने तीन परिवारों के घरों में जो दर्द छोड़ा, उसकी सिसकियां मंगलवार को तीसरे दिन भी थमने का नाम नहीं ले रही थीं। दरवाजे पर लोगों के पहुंचने और स्वजन को ढांढस बंधाने का सिलसिला जारी था, लेकिन घर के भीतर से आती महिलाओं की सिसकियां दरवाजे तक पहुंचकर हर किसी की आंखें नम कर दे रही थीं। कोई अपने पति को याद कर बिलख रहा था तो कोई जवान बेटे को पुकार रहा था।
किसी मां की आंखें बेटे को तलाश रही थीं तो किसी बहन की जुबान पर भाई का नाम था। शुक्रवार की शाम सूबेदार सत्यवान सिंह की मृत्यु का समाचार परिवार को पहले ही गम में डुबो चुका था। चंडीगढ़ से उनका पार्थिव शरीर गांव लाते समय सुल्तानपुर में हुए हादसे में सत्यवान सिंह, उनके इकलौते बेटे गौरव सिंह, बड़े भाई रामसमुझ सिंह और रुद्रपुर के भरटोला वार्ड निवासी करीबी भाजपा सभासद राजन चौधरी समेत चार लोगों की मृत्यु ने इस दर्द को और गहरा कर दिया।
तीसरे दिन भी तीनों घरों में चूल्हे नहीं जले। दरवाजे पर आने वालों की भीड़ भले ही कम होने लगी, लेकिन भीतर से उठती सिसकियां बता रही थीं कि अपनों को खोने का दर्द अभी ताजा है। पहले और दूसरे दिन जहां बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन और शोक संवेदना के लिए पहुंचे थे, वहीं मंगलवार को आने वाले लोग कुछ देर चुपचाप बैठकर परिवार का दर्द साझा कर लौट रहे थे।
बच्चों को शायद अभी पूरी तरह समझ भी नहीं है कि घर में क्या हुआ है। वे कभी दरवाजे पर आने-जाने वालों को देखते तो कभी अपने बड़ों के चेहरों को निहारते रहते।
दरवाजे पर पूरे दिन लगा रहा ढांढस बंधाने वालों का तांता
मंगलवार सुबह रुद्रपुर तहसील बार संघ के पूर्व अध्यक्ष विश्वविजय मल्ल, अशोक कुमार सिंह, सूर्यभान सिंह समेत कई लोग स्वजन को सांत्वना देने पहुंचे। दोपहर में गोरखपुर के बड़हलगंज निवासी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के शिखर गुप्ता भी पहुंचे। भाजपा नेता राजकुमार गुप्ता और विनोद गुप्ता के नेतृत्व में छह लोगों ने दोनों परिवारों से मिलकर ढांढस बंधाया।
मृतकों के स्वजन से मिले पूर्व विधायक
गोरखपुर जनपद के सहजनवां विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक देवनारायण सिंह उर्फ जीएम सिंह मंगलवार दोपहर बाद रुद्रपुर नगर पंचायत के भाजपा सभासद राजन चौधरी के स्वजन से मिले और उन्हें सांत्वना दी। इसके बाद उन्होंने गहिला-दुधैला पहुंचकर सूबेदार सत्यवान सिंह के स्वजन से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और इस दुख की घड़ी में हम परिवार के साथ हैं।
सरकार से हर संभव अनुमन्य सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात की जाएगी। इस दौरान डीएन सिंह, संतोष विक्रम सिंह, छोटे सिंह, अखिलेश प्रताप सिंह, रामप्रवेश यादव उर्फ साधू यादव आदि मौजूद रहे।
