विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवरिया में एक हादसे ने उजाड़ दिए तीन घर, पीड़ित परिवार ने मांगी सरकारी नौकरी और पांच करोड़ की मदद

Published: Sat, 17 Oct 2026 08:11 PM (IST)

सुल्तानपुर में हुए सड़क हादसे में तीन परिवारों ने अपने सदस्यों को खो दिया, जिससे गहिला-दुधैला गांव और रुद्रपुर में ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. सुल्तानपुर हादसे में तीन परिवारों ने खोए अपने सदस्य।

  2. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने दी पीड़ित परिवारों को सांत्वना।

  3. पीड़ितों ने सरकारी नौकरी, 5 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद मांगी।

जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। एक हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। अपनों को खोने का दर्द अभी ताजा है और भविष्य की चिंता भी सामने खड़ी है। सुल्तानपुर में हुए सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गहिला-दुधैला गांव में अब भी मातम पसरा है। शनिवार की शाम पीड़ित परिवारों का दुख-दर्द बांटने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी पहुंचे। उन्होंने स्वजन को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिया।

प्रदेश अध्यक्ष सबसे पहले गहिला-दुधैला गांव पहुंचे। यहां उन्होंने मेजर सत्यवान सिंह, उनके भाई रामसमूझ सिंह और बेटे गौरव सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। सत्यवान सिंह की पत्नी सरोजनी देवी और रामसमूझ सिंह की पत्नी शीला देवी से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में भाजपा पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। स्वजन को हरसंभव आर्थिक सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

इस दौरान रामसमूझ सिंह के बेटे विवेक सिंह ने परिवार की भविष्य की सुरक्षा के लिए तीन मांगें रखीं। उन्होंने परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने, पांच करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और पेट्रोल पंप उपलब्ध कराने की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष ने मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने और सरकार तक बात पहुंचाने का आश्वासन दिया।

इसके बाद पंकज चौधरी रुद्रपुर नगर पंचायत के भरटोला वार्ड पहुंचे। यहां उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले भाजपा सभासद राजन चौधरी को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी पत्नी प्रतिभा देवी से मिलकर सांत्वना दी। उन्होंने जल्द ही देवरिया आकर एक दूसरे हादसे में जान गंवाने वाले युवा खिलाड़ियों के स्वजन से भी मुलाकात करने की बात कही।

इस दौरान केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान, भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद, सदर विधायक डा. शलभ मणि त्रिपाठी, विधायक सुरेंद्र चौरसिया, जयप्रकाश निषाद, सभा कुंवर कुशवाहा, एमएलसी डॉ. रतन पाल सिंह, छट्ठे लाल निगम, बंधू उपेंद्र नाथ सिंह, राजकुमार गुप्ता, सुनील निषाद, विनोद गुप्ता और जितेंद्र गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता व ग्रामीण मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- देवरिया में 30 साल की सिविल जज जागृति का निधन, न्यायिक जगत में शोक