देवरिया में चाकुओं से गोदकर युवक की हत्या, थानेदार समेत तीन पुलिस कर्मी निलंबित
देवरिया में 25 वर्षीय युवक मोनू की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई, जिसके बाद हत्यारों ने मृतक के ...और पढ़ें
-1789180775747_m.webp)
आंदोलन कर रहे रोजगार सेवकों को समझाते ब्लाक प्रशासक पवन कुमार गुप्ता।जागरण
HighLights
देवरिया में 25 वर्षीय युवक मोनू की चाकू से गोदकर हत्या।
पुलिस की लापरवाही पर थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित।
आक्रोशित परिजनों ने शव रखकर सड़क जाम की, एनकाउंटर की मांग।
जागरण संवाददाता, देवरिया। पुलिस से मदद की गुहार लगाने के दस दिन बाद 25 वर्षीय एक युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। भलुअनी नगर पंचायत के वार्ड नंबर-13 गांधीनगर में गुरुवार देर रात हुई हत्या के बाद आरोपितों के दुस्साहस और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।
स्वजन का आरोप है कि हत्या के बाद आरोपित दो बाइक से उनके घर पहुंचे, गाली-गलौज की और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। जाते समय आरोपितों ने यह भी कहा, 'हो गया रामनाम सत्य।' मामले में पुलिस की प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर एसपी अभिजीत आर. शंकर ने थानाध्यक्ष भलुअनी राकेश राय, उपनिरीक्षक ज्योति और सिपाही विनय ओझा को निलंबित कर दिया। मृतक के भाई उपेंद्र सिंह की तहरीर पर चार लोगों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
गांधीनगर निवासी प्रेम सिंह का पुत्र मोनू गुरुवार की देर रात नगर पंचायत के उत्तर तरफ खाद गोदाम के पास एक शौचालय में खून से लथपथ मिला। उसके शरीर पर चाकू के 20 से अधिक वार के निशान थे। गर्दन, पीठ, कंधे और कमर समेत कई हिस्सों पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। स्वजन उसे महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने चाइना अंसारी पुत्र कमालुद्दीन, अंबुज विश्वकर्मा पुत्र दीनानाथ विश्वकर्मा निवासी जय प्रकाश नगर शिवधरिया, जय किशन यादव निवासी तिलक नगर और नागेश यादव निवासी कुंईचवर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।

स्वजन के मुताबिक, एक सितंबर को चाइना अंसारी ने मोनू को चाकू लेकर दौड़ाया भी था। इस संबंध में भलुअनी थाने में तहरीर दी गई थी। आरोप है कि पुलिस ने शिकायत पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की। इसके दस दिन बाद मोनू की हत्या हो गई।
स्वजन का आरोप है कि इसी रंजिश में वर्चस्व कायम करने के लिए वारदात की गई। हालांकि पुलिस के अनुसार हत्या की ठोस वजह अभी स्पष्ट नहीं है। मुख्य आरोपित और मोनू के बीच कुछ दिन पहले कहासुनी की बात सामने आई है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
शव पहुंचते ही भड़का आक्रोश
शनिवार शाम पोस्टमार्टम के बाद मोनू का शव भलुअनी पहुंचा तो स्वजन और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। लोगों ने मुख्य चौक पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपितों की एनकाउंटर की मांग करने लगे। जाम से दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
यह भी पढ़ें- देवरिया में बीमारी से जूझते मरीजों पर ‘स्ट्रेचर टैक्स’ की मार, 100 रुपये में मिल रहा सहारा
तनाव को देखते हुए एडिशनल एसपी दक्षिणी सुनील कुमार सिंह, सीओ बरहज रंजना सचान समेत बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी मौके पर मुस्तैद रहे। एसपी ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
