हाथों में मोमबत्तियां और आंखों में आंसू... हादसे के शिकार 4 खिलाड़ियों की याद में देवरिया में गमगीन हुईं सड़कें
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में चार युवा खिलाड़ियों की मौत के बाद देवरिया में शोक का माहौल है। शुक्रवार ...और पढ़ें
-1791623961622_m.webp)
HighLights
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सड़क दुर्घटना में चार खिलाड़ियों की मौत।
देवरिया के लार और मईल क्षेत्र में शोक की लहर।
युवाओं ने कैंडल मार्च निकालकर दिवंगत खिलाड़ियों को दी श्रद्धांजलि।
संवाद सूत्र, देवरिया। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सड़क दुर्घटना में लार और मईल क्षेत्र के चार युवा खिलाड़ियों की असामयिक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। दिवंगत खिलाड़ियों को श्रद्धांजलि देने के लिए शुक्रवार देर शाम युवाओं ने कस्बे में कैंडल मार्च निकाला। हाथों में जलती मोमबत्तियां लेकर चल रहे लोगों ने नम आंखों से खिलाड़ियों को याद किया और उनके परिवारों के प्रति संवेदना जताई।
कैंडल मार्च लार के लखु मोड़ से शुरू होकर कस्बा पुलिस चौकी के रास्ते चनुकी मोड़ तक पहुंचा। हादसे में जान गंवाने वाले नित्या प्रजापति, अनिकेत, आनंद यादव और इरफान अंसारी उर्फ राज की असामयिक मौत से क्षेत्र के लोग गमगीन हैं। मार्च में शामिल लोगों ने दिवंगत खिलाड़ियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी मौत को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में धैर्य और संबल मिलने की कामना की।
कैंडल मार्च के दौरान माहौल भावुक रहा। युवाओं ने दिवंगत खिलाड़ियों की स्मृति में मोमबत्तियां जलाकर उन्हें नमन किया और दुख की इस घड़ी में उनके परिजनों के साथ खड़े रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर रणविजय, देवेंद्र सिंह राजू, नंद सिंह, संजय, जितेंद्र कुमार, रजत सिंह, राहुल सिंह, एमडी दानिश, ध्रुव कुमार, स्वतंत्र प्रताप सिंह, गोलू सिंह, सोनू मद्धेशिया, अनीसुर रहमान, विनय यादव, सूरज वर्मा और अखिलेश वर्मा सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।
