देवरिया में हत्या के बाद मृतक के दरवाजे पर पहुंचे हत्यारे, बोले- 'हो गया रामनाम सत्य'
देवरिया के भलुअनी में मोनू सिंह की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई, जिसके बाद आरोपितों ने मृतक के ...और पढ़ें

मोनू सिंह हत्याकांड। जागरण
HighLights
मोनू सिंह को फोन कर घर से बुलाकर चाकू से गोदा गया।
हत्या के बाद आरोपितों ने मोनू के परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस पर शिकायत को गंभीरता से न लेने का आरोप, "टीम 149" गिरोह शामिल।
जागरण संवाददाता, देवरिया। भलुअनी के मोनू सिंह हत्याकांड में सनसनीखेज घटनाक्रम सामने आया है। स्वजन का आरोप है कि गुरुवार रात मोनू को फोन कर घर से बुलाया गया और सुनियोजित तरीके से चार युवकों ने मिलकर चाकुओं से गोदकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपित बताए जा रहे युवक दो बाइक से मोनू के घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
चर्चा है नगर पंचायत भलुअनी के वार्ड नंबर 13 निवासी मनीष सिंह उर्फ मोनू सिंह (25) का कुछ युवकों से गुटबाजी को लेकर विवाद चल रहा था। स्वजन के मुताबिक कुछ दिन पहले आरोपितों ने थाना के पास मोनू को चाकू लेकर दौड़ाया था। इस संबंध में एक सितंबर को मोनू ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। स्वजन का आरोप है कि पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया।
गुरुवार की रात मोनू के परिचित एक युवक ने फोन कर उसे बुलाया। मोनू जरूरी काम बताकर घर से निकल गया। देर रात तक वापस नहीं लौटा तो स्वजन ने उसकी तलाश शुरू की। इसी बीच दो बाइक से चार युवक उसके घर पहुंचे।
आरोप है कि उन्होंने परिवार के लोगों से गाली-गलौज की और धमकी देते हुए वहां से चले गए। स्वजन पशुपतिनाथ गोंड के घर के सामने पहुंचे तो वहां निर्माणाधीन मकान के पास बने शौचालय में मोनू खून से लथपथ पड़ा मिला। स्वजन उसे मेडिकल कालेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
'टीम 149' गिरोह का संचालक निकला मुख्य हत्यारा
उपेंद्र सिंह ने तहरीर में आरोप लगाया है कि कुछ युवकों ने इंस्टाग्राम पर ''टीम 149'' नाम से ग्रुप बनाया है। आरोप है कि ग्रुप के सदस्य विवाद की सूचना मिलने पर एकजुट होकर मौके पर पहुंचते हैं और लोगों को डराते धमकाते हैं। गिरोह के संचालक चाइना अंसारी के बढ़ते खौफ से पूरा गांव भयभीत है। यही मुख्य हत्यारोपित भी है।
यह भी पढ़ें- देवरिया में चाकुओं से गोदकर युवक की हत्या, थानेदार समेत तीन पुलिस कर्मी निलंबित
दो डाक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम
मोनू के शव का दो डाक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। इसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई। पोस्टमार्टम हाउस पर दिनभर स्वजन और समर्थकों की भीड़ लगी रही। पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, भाजपा नेता एसएन सिंह समेत अन्य लोगों ने पहुंचकर स्वजन को ढांढस बंधाया। घटना के बाद भलुअनी में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।
