विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवरिया में जिस बेटे के आने की थी खुशी, उसकी मौत की आई खबर; सऊदी अरब में गई जान

Published: Mon, 09 Mar 2026 12:50 PM (IST)

देवरिया के सुरेंद्र कुमार की सऊदी अरब में एक हादसे में मौत हो गई, जिससे उनके परिवार में खुशियां मातम ...और पढ़ें

मृतक सुरेंद्र कुमार की फाइल फोटो। जागरण

मृतक सुरेंद्र कुमार की फाइल फोटो। जागरण

HighLights

  1. सऊदी अरब में काम के दौरान देवरिया के युवक की मौत।

  2. होली पर घर लौटने की तैयारी में था सुरेंद्र कुमार।

  3. परिवार 14 दिनों से शव आने का कर रहा इंतजार।

संवाद सूत्र, गौरीबाजार, (देवरिया)। चार वर्ष बाद होली पर घर लौटने की खबर से परिवार में खुशियों की लहर दौड़ गई थी। माता-पिता, पत्नी व मासूम बच्चे उनकी राह देख रहे थे, लेकिन नियति को यह मिलन मंजूर नहीं था।

टिकट कराने के कुछ ही घंटे बाद सऊदी अरब में हुए हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली। खुशियों से भरा आंगन पल भर में मातम में बदल गया। घटना के 14 दिन से स्वजन शव के आने का इंतजार कर रहे हैं।

ग्राम पथरहट निवासी संत रामस्नेही दास के बड़े बेटे 35 वर्षीय सुरेंद्र कुमार परिवार के भरण-पोषण के लिए फरवरी 2022 में सऊदी अरब के जद्दा शहर में एक कंपनी में हैवी वाहन चालक के रूप में काम करने गए थे। चार वर्ष बाद होली पर घर आने का फैसला किया व 22 फरवरी को घर आने के लिए एक मार्च का टिकट भी करा लिया। घर लौटने की खबर सुनते ही परिवार में खुशी का माहौल था।

बताया जाता है कि 22 फरवरी की रात कंपनी में काम के दौरान अचानक भारी लोहे का शटर उनके सिर पर गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। अगले दिन 23 फरवरी की सुबह उसके एक मित्र ने फोन कर परिवार को घटना की सूचना दी। मृतक के पिता संत रामस्नेही दास, मां बिजली देवी व पत्नी शांति देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह भी पढ़ें- देवरिया में दोहरी लूट का खुलासा, 6 बदमाश हथियार और नकदी सहित गिरफ्तार

उसकी तीन बेटियां सोनम (16), शालू (12) और दिव्या (9) तथा पांच वर्षीय बेटा सुबोधरत्न बार-बार पिता के बारे में पूछ रहे हैं। स्वजन के अनुसार, सुरेंद्र का छोटा भाई शशिमणि इस समय सऊदी में ही है और शव को भारत भेजने की प्रक्रिया में लगा है।

शशिमणि ने बताया कि 11 या 12 मार्च तक शव घर पहुंचने की उम्मीद है। पिता ने बताया कि बेटे का शव शरीर गांव पहुंचने के बाद बौद्ध धर्म के अनुसार कुशीनगर में अंतिम संस्कार किया जाएगा।