देवरिया में मां की तेरहवीं के बाद गहनों के बंटवारे में खूनी संघर्ष, मारपीट में एक भाई की मौत; 5 के खिलाफ केस दर्ज
देवरिया के बरवा मीर छापर गांव में मां की तेरहवीं के बाद गहनों और घरेलू सामान के बंटवारे को लेकर भाइयों में मारपीट हो गई। इस खूनी संघर्ष में 35 वर्षीय केश्वर कुशवाहा की मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
-1791631962881_m.webp)
HighLights
मां की तेरहवीं के बाद गहनों के बंटवारे पर विवाद।
भाइयों के बीच मारपीट में 35 वर्षीय केश्वर कुशवाहा की मौत।
पुलिस ने पांच आरोपितों पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज।
संवाद सूत्र, तरकुलवा। रामपुर कारखाना के बरवा मीर छापर गांव में शुक्रवार की देर रात मां की तेरहवीं के बाद गहने और घरेलू सामान के बंटवारे को लेकर भाइयों के बीच मारपीट हो गई। इसमें गंभीर रूप से घायल 35 वर्षीय केश्वर कुशवाहा की मौत हो गई। पुलिस ने पत्नी की तहरीर पर पांच आरोपितों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
गांव निवासी घरभरन कुशवाहा की करीब 12 वर्ष पहले मौत हो गई थी। उनके पांच बेटे रामजी, जयराम, जगदंबा, केश्वर और विद्यासागर हैं।
करीब पांच वर्ष पहले सभी भाई अलग-अलग रहने लगे थे। घरभरन की 90 वर्षीय पत्नी मोतिया देवी जयराम के साथ रहती थीं। कुछ दिन पहले उनकी मृत्यु हो गई थी। शुक्रवार को उनके ब्रह्मभोज में शामिल होने के लिए सभी भाई घर पर जुटे थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद मां के गहनों और अन्य घरेलू सामान के बंटवारे को लेकर भाइयों के बीच कहासुनी होने लगी।
देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इस दौरान केश्वर कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्वजन और रिश्तेदार उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसया ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। केश्वर की 15 वर्षीय बेटी गुड़िया, 13 वर्षीय आलोक और 10 वर्षीय अनीश का रो-रोकर बुरा हाल है।
पत्नी प्रमिला देवी की तहरीर पर पुलिस ने जगदंबा कुशवाहा, रंभा देवी, प्रियंका कुमारी, अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सूचना पर एएसपी आनंद कुमार पांडेय, सीओ संजय कुमार रेड्डी सहित तरकुलवा और महुआडीह थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।