सेब के कैरेट में छिपाकर बिहार ले जाई जा रही थी 240 लीटर शराब, देवरिया पुलिस ने 5 आरोपी किए गिरफ्तार
देवरिया में सलेमपुर पुलिस ने मझौलीराज चौकी पर चेकिंग के दौरान सेब के कैरेट में छिपाकर बिहार ले जाई जा रही 240 लीटर अवैध शराब और बीयर बरामद की।
-1788776718948_m.webp)
पुलिस की गिरफ्त में शराब तस्करी के आरोपित
HighLights
देवरिया में 240 लीटर अवैध शराब जब्त की गई।
सेब के कैरेट में छिपाकर बिहार ले जाई जा रही थी।
पुलिस ने चार महिलाओं सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया।
संवाद सूत्र, देवरिया। अवैध शराब के परिवहन, निष्कर्षण और नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सलेमपुर पुलिस ने रविवार को मझौलीराज पुलिस चौकी के सामने चेकिंग के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की। शराब को सेब के कैरेट में छिपाकर बिहार ले जाया जा रहा था। पुलिस ने ऑटो सवार चार महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब व बीयर की कुल मात्रा 240.2 लीटर बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, छह सितंबर को मझौलीराज चौकी के सामने बैरिकेडिंग लगाकर संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु और वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान काले रंग के तीन पहिया ऑटो को रोककर तलाशी ली गई। ऑटो में सेब के कैरेट के बीच छिपाकर शराब रखी गई थी।
तलाशी में 8 पीएम के 290 पाउच मिले, जिनमें प्रत्येक पाउच 180 एमएल का था। इसकी कुल मात्रा 52.20 लीटर है। इसके अलावा आफीसर च्वाइस के 50 पाउच, कुल नौ लीटर, किंगफिशर बीयर के 332 केन, कुल 166 लीटर और बडवाइजर बीयर के 26 केन, कुल 13 लीटर बरामद हुए।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों में पूजा देवी (43) पत्नी स्व. गुलाम पाल निवासी नखास पिंड देवी स्थान, थाना मरसलामी, पटना, ललिता देवी (47) पत्नी स्व. मुनारिक राय निवासी तेरसिया दियर, थाना गंगाबृज, वैशाली, मीरा देवी (45) पत्नी स्व. बांकेलाल गुप्ता निवासी चकगायी, थाना अहियापुर, मुजफ्फरपुर, पूनम देवी (50) पत्नी लाल साहनी निवासी मछुआ टोली, थाना कंकरबाग, पटना और पिंकू कुमार (25) पुत्र स्व. बांकेलाल गुप्ता निवासी चकगाजी, थाना अहियापुर, मुजफ्फरपुर, बिहार शामिल हैं।
पुलिस ने इस मामले में थाना सलेमपुर में मुकदमा अपराध संख्या 298/2026 धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक मीरा देवी के विरुद्ध पूर्व में भी आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक इन्द्रेश कुमार, हेड कांस्टेबल अजय प्रजापति, कांस्टेबल विनोद पाल, अभिषेक कुशवाहा, अभिषेक यादव तथा महिला आरक्षी शिवांगी और सीनू शामिल रहीं।
यह भी पढ़ें- 'NDA में सबका हित सुरक्षित, जनता में भी विश्वास', देवरिया में बोलीं अनुप्रिया पटेल
