देवरिया में डिजिटल होगी कस्तूरबा की पढ़ाई, 809 छात्राओं को परिसर में ही मिलेगी मुफ्त तकनीकी शिक्षा
देवरिया के सात कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में आधुनिक कंप्यूटर लैब बनाए जा रहे हैं, जिससे 809 छात्राओं को ...और पढ़ें
-1792323311707_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
देवरिया के 7 कस्तूरबा विद्यालयों में बनेंगे कंप्यूटर लैब।
809 छात्राओं को मिलेगी परिसर में मुफ्त डिजिटल शिक्षा।
तकनीकी समझ विकसित होगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
जागरण संवाददाता, देवरिया। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में पढ़ने वाली बेटियों के लिए डिजिटल शिक्षा की राह आसान होने जा रही है। अब उन्हें कंप्यूटर सीखने के लिए विद्यालय से बाहर भटकना नहीं पड़ेगा और न ही कोर्स के लिए अतिरिक्त रुपये खर्च करने होंगे। जिले के सात कस्तूरबा विद्यालयों में आधुनिक कंप्यूटर लैब का निर्माण कराया जा रहा है। इससे करीब 809 छात्राओं को विद्यालय में ही कंप्यूटर शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
जिले के 13 विकासखंडों में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय संचालित हैं। वहीं, तीन विकासखंडों में नए विद्यालयों के निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। वर्तमान में संचालित विद्यालयों में से सात का चयन कंप्यूटर लैब के निर्माण के लिए किया गया है। प्रत्येक विद्यालय में करीब 22.98 लाख रुपये की लागत से आधुनिक लैब तैयार कराया जा रहा है। इसके लिए शासन की ओर से धनराशि आवंटित की गई है।
कंप्यूटर लैब तैयार होने के बाद छात्राओं को बुनियादी कंप्यूटर ज्ञान के साथ डिजिटल शिक्षा हासिल करने का अवसर मिलेगा। इससे उनकी तकनीकी समझ विकसित होगी और आगे की पढ़ाई तथा रोजगार से जुड़ी संभावनाओं के लिए भी आधार तैयार होगा। अभी तक कंप्यूटर शिक्षा के लिए बाहर जाने या अतिरिक्त खर्च उठाने में असमर्थ छात्राओं को विद्यालय परिसर में ही सीखने की सुविधा मिल सकेगी।
कंप्यूटर लैब के भवन निर्माण के साथ छात्राओं के लिए जरूरी सुविधाओं का भी ध्यान रखा गया है। प्रत्येक विद्यालय में लैब के फर्नीचर पर करीब 1.70 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे लैब को पढ़ाई के अनुकूल बनाया जा सकेगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. राम जियावन मौर्य ने कहा कि विद्यालयों में कंप्यूटर लैब के निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। इसे जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है।
इन विद्यालयों में बन रहा लैब
जिले के रुद्रपुर, रामपुर कारखाना, देसही देवरिया, भटनी, गौरी बाजार, भलुअनी और बैतालपुर विकासखंड स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में कंप्यूटर लैब का निर्माण कराया जा रहा है।
