छठ पर घर लौटे लोगों के बीच खोजे जाएंगे HIV संक्रमित, उत्तर प्रदेश के नौ हाई रिस्क जिलों में देवरिया शामिल
स्वास्थ्य विभाग छठ महापर्व पर घर लौटे लोगों के बीच एचआईवी संक्रमितों की पहचान के लिए देवरिया के गांवों में विशेष जांच अभियान चला रहा है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
छठ पर लौटे लोगों की एचआईवी जांच अभियान।
देवरिया उत्तर प्रदेश के नौ हाई रिस्क जिलों में।
गांवों में विशेष शिविर लगाकर की जा रही जांच।
जागरण संवाददाता, देवरिया। छठ महापर्व पर दिल्ली, मुंबई और गुजरात समेत महानगरों से घर लौटे लोगों के बीच स्वास्थ्य विभाग एचआईवी संक्रमितों की पहचान करेगा। इसके लिए गांवों में विशेष जांच अभियान शुरू किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें लोगों को जागरूक करने के साथ ही उनकी सहमति से एचआईवी की जांच भी करेंगी। अभियान की जिम्मेदारी ब्लाक स्तरीय सीएचसी और पीएचसी पर तैनात एकीकृत परामर्श एवं जांच केंद्र (आईसीटीसी) के कर्मचारियों को सौंपी गई है।
जिले की आबादी करीब 35 लाख है। रोजगार की तलाश में बड़ी संख्या में लोग दिल्ली, मुंबई और गुजरात जैसे महानगरों में रहते हैं। त्योहारों पर उनके घर लौटने के दौरान स्वास्थ्य विभाग ऐसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहा है, जिन्हें एचआईवी संक्रमण का खतरा हो सकता है। विभाग के अनुसार देवरिया प्रदेश के नौ हाई रिस्क जनपदों में शामिल है। ऐसे में संक्रमण की पहचान और सही आंकड़े जुटाने के लिए गांवों में शिविर लगाए जा रहे हैं।
जांच शिविर के लिए चिह्नित किए गए हैं आठ स्थान
स्वास्थ्य विभाग की ओर से बरहज के बालूछापर पंचायत भवन, लार के चुरिया, रामपुर कारखाना के हरपुर कला, देसही देवरिया के बैजनाथपुर, पथरदेवा के बंजरिया, सदर क्षेत्र के मधवापुर बैकुंठपुर, भाटपाररानी के लाखोपार और गौरीबाजार के भटौली बुजुर्ग में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। कई स्थानों पर जांच शुरू हो चुकी है। अभियान का समापन 18 नवंबर को गौरीबाजार के भटौली बुजुर्ग में आयोजित शिविर के साथ होगा।
प्रदेश के नौ हाई रिस्क जिलों में देवरिया
एचआईवी संक्रमण के मामलों के लिहाज से प्रदेश के नौ संवेदनशील जनपदों में देवरिया भी शामिल है। इनमें आगरा, आजमगढ़, देवरिया, गाजियाबाद, गोरखपुर, जौनपुर, कानपुर नगर, लखनऊ और मेरठ शामिल हैं। जिले में अब तक 5,244 एचआईवी संक्रमित चिह्नित किए जा चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अन्य संभावित संक्रमितों की पहचान के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
एचआईवी संक्रमित दवा के सहारे सामान्य जीवन जी सकते हैं। छठ पर बड़ी संख्या में लोग घर लौटे हैं। ऐसे में गांवों में शिविर लगाकर जांच कराई जा रही है। लोगों को संक्रमण छिपाने के बजाय स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराने और चिकित्सक से परामर्श लेने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
-डाॅ. एसके सिन्हा, सीएमओ
यह भी पढ़ें- देवरिया में पारंपरिक खेती छोड़ जैविक अपना रहे किसान, कम लागत में हो रहा बंपर मुनाफा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।