देवरिया में प्रेमी से शादी की जिद पर मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, प्रेमी डर कर हुआ फरार
देवरिया में एक युवती अपने प्रेमी से शादी की जिद पर मोबाइल टावर पर चढ़ गई, क्योंकि उसके प्रेमी ने ...और पढ़ें

HighLights
युवती प्रेमी से शादी की जिद पर मोबाइल टावर पर चढ़ी।
पुलिस और ग्रामीणों ने घंटों समझाकर युवती को नीचे उतारा।
युवती के टावर पर चढ़ते ही प्रेमी मौके से फरार हो गया।
संवाद सूत्र, मेहरौनाघाट (देवरिया)। प्रेमी से शादी करने की जिद पर एक युवती शुक्रवार को मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती को टावर पर चढ़ता देख ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घंटों समझाने के बाद उसे नीचे उतारा। इस बीच युवती के टावर पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही उसका प्रेमी फरार हो गया।
लार थाना क्षेत्र के पिंडी व महाल मंझरिया गांव के बीच केनरा बैंक के पास जियो का मोबाइल टावर है। महाल मंझरिया गांव की एक युवती का पास के ही एक युवक से कई वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच शादी की बात भी तय थी। हालांकि, बाद में प्रेमी ने शादी करने से इन्कार कर दिया।
इससे नाराज युवती शादी की जिद पर टावर पर चढ़ गई। जानकारी मिलने पर लार के प्रभारी निरीक्षक निर्भय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस व ग्रामीणों ने युवती को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह शादी कराने की मांग पर अड़ी रही। बाद में शादी के संबंध में बातचीत कराने का आश्वासन मिलने पर वह नीचे उतर आई।
यह भी पढ़ें- देवरिया आग हादसा: नोनापार में चार की मौत, परिवार की खुशियां राख
युवती ने पुलिस को बताया कि युवक कई वर्षों से उसके साथ प्रेम संबंध में था, लेकिन अब शादी से इन्कार कर रहा है। पुलिस युवती को अपने साथ थाने ले गई। प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार ने बताया कि प्रेमी व प्रेमिका के स्वजन से बातचीत कर मामले का निस्तारण कराया जाएगा।
