विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवरिया में स्कॉर्पियो सवार की खतरनाक स्टंटबाजी से लोग घायल, पुलिस ने मुकदमा किया दर्ज

Published: Thu, 22 Oct 2026 06:00 AM (IST)

दशहरा मेले के दौरान सलेमपुर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हैं, जहां स्कॉर्पियो स्टंट, मारपीट और चाकूबाजी जैसी कई ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. सलेमपुर दशहरा मेले में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल।

  2. स्कॉर्पियो स्टंट, मारपीट, चाकूबाजी की कई घटनाएं।

  3. मैल में दो दोस्तों की हत्या, पुलिस जांच जारी।

रत्नेश यादव, सलेमपुर। दशहरा मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता सवालों के घेरे में है। सलेमपुर से लार और मईल थाना क्षेत्र तक हुई घटनाओं ने त्योहार के दौरान सुरक्षा इंतजामों की हकीकत सामने ला दी। कहीं स्कार्पियो से स्टंटबाजी कर लोगों को चोटिल किया गया तो कहीं बीच बाजार युवक को लात-घूंसों से पीटा गया। मईल क्षेत्र में दो दोस्तों की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। लगातार हुई इन घटनाओं के बाद भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की गश्त और निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं।

दशहरा मेले के दौरान पुलिसकर्मियों की ड्यूटी दुर्गा पूजा पंडालों के आसपास लगाई गई थी। इसके बावजूद प्रमुख चौराहों और बाजारों में उपद्रव तथा हिंसक घटनाएं सामने आईं। सलेमपुर के हरैया वार्ड में सोमवार देर रात सफेद स्कॉर्पियो से स्टंटबाजी के दौरान कई लोग चोटिल हो गए।

घायल वीरेंद्र प्रजापति की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चालक और वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आया, लेकिन खबर लिखे जाने तक चालक की गिरफ्तारी नहीं हुई थी।

वहीं, मालगोदाम के समीप मेले के दौरान कुछ युवकों ने एक युवक को सड़क पर लात-घूंसों से पीटा। आरोप है कि हमलावर उसे पीटते रहे और आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे। घटना के दौरान पुलिस की मौजूदगी नहीं दिखने की बात सामने आई। लार थाना क्षेत्र के मटिया जगदीश चौराहे पर भी एक युवक पर चाकू से हमला किया गया। मईल क्षेत्र के बढ़या हरदो गांव के समीप दो दोस्तों की हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता और बढ़ा दी।

मेले में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रमुख चौराहों, बाजारों और आवागमन वाले रास्तों पर प्रभावी पुलिस निगरानी जरूरी थी। लगातार सामने आई घटनाओं ने सवाल खड़ा कर दिया है कि ड्यूटी लगाने के बावजूद उपद्रवियों और हमलावरों पर समय रहते अंकुश क्यों नहीं लग सका।

स्टंटबाज स्कार्पियो चालक ने मेले में मचाई अफरातफरी, पुलिस को चकमा देकर भागा

हरैया वार्ड में सोमवार की देर रात ओवरब्रिज के पास सफेद स्कॉर्पियो चालक की स्टंटबाजी से मेले में अफरातफरी मच गई। वाहन की खतरनाक हरकतों से लोगों में दहशत फैल गई। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ने के लिए दौड़ाया, लेकिन वह चकमा देकर फरार हो गया। भीड़ के बीच इस तरह की लापरवाही से बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद पुलिस ने घायल वीरेंद्र प्रजापति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया।

यह भी पढ़ें- जौहर ट्रस्ट मामला: आजम खान के करीबी सालिम से ED ने की 8 घंटे पूछताछ, CA दीपक गोयल को समन

मेले के दौरान स्कार्पियो से स्टंटबाजी करने वाले चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। लार क्षेत्र में युवक पर चाकू से हमले के मामले में भी मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। रही बात दोहरे हत्याकांड की तो आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं। -गौरव सिंह, सीओ सलेमपुर