सऊदी अरब में फंसे देवरिया के 6 लोग, उड़ान रद होने से बढ़ी मुश्किलें; विदेश मंत्रालय से मदद की अपील
उमरा के बाद सऊदी अरब में फंसे देवरिया के छह लोगों की वापसी को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है, क्योंकि उनकी एयर इंडिया की उड़ान रद्द हो गई है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
सऊदी अरब में फंसे देवरिया के छह भारतीय नागरिक।
एयर इंडिया की उड़ान रद्द होने से वापसी में बाधा।
परिजनों ने सरकार और विदेश मंत्रालय से मांगी मदद।
जागरण संवाददाता, देवरिया। उमरा की पवित्र यात्रा पूरी करने के बाद वतन लौटने की उम्मीद लगाए लार कस्बे के दो परिवारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जेद्दा से नई दिल्ली आने वाली एयर इंडिया की उड़ान रद होने की सूचना के बाद उनकी वापसी को लेकर अनिश्चितता पैदा हो गई है।
प्रभावित यात्रियों में नौ माह की मासूम बच्ची और बुजुर्ग महिलाएं भी शामिल हैं। भारत में रह रहे परिजन उनकी सुरक्षित वापसी को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने केंद्र सरकार, विदेश मंत्रालय, भारतीय दूतावास और विमानन कंपनी से तत्काल हस्तक्षेप कर वैकल्पिक व्यवस्था कराने की मांग की है।
धार्मिक यात्रा से लौटना था वापस
लार कस्बे के नई बस्ती, इंदिरा नगर निवासी रेयाजुद्दीन अंसारी (26), उनकी पत्नी नग्मा खातून (26), नौ माह की बेटी नायजा लारी और परिवार की बुजुर्ग सदस्य हुस्नआरा खातून (56) उमरा करने सऊदी अरब गए थे। धार्मिक यात्रा पूरी होने के बाद उन्हें भारत लौटना था, लेकिन जेद्दाह से नई दिल्ली आने वाली एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआइ 2256 रद होने की सूचना से उनकी वापसी की योजना प्रभावित हो गई।
इसी तरह लार के खीरी मोहल्ला निवासी मुस्तफा (32) और समसुन निशा (63) की वापसी को लेकर भी परिजन परेशान हैं। दोनों परिवारों के छह सदस्य सऊदी अरब में हैं। परिजनों का कहना है कि उड़ान रद होने के बाद आगे की यात्रा को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
वापसी की व्यवस्था के संबंध में एजेंट से संपर्क करने पर कथित तौर पर उन्हें अपना इंतजाम खुद करने की बात कही गई। इससे उनकी चिंता और बढ़ गई है। परिजनों ने भारत सरकार, विदेश मंत्रालय, भारतीय दूतावास और एयर इंडिया से प्रभावित यात्रियों की मदद करने की अपील की है।
