विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवरिया में तिरंगे में लिपटे बेटे को देख निकली मां की चीख, नम आंखों से दी गई CRPF जवान को अंतिम विदाई

Published: Fri, 16 Oct 2026 11:45 AM (GMT+05:30)Updated: Fri, 16 Oct 2026 12:53 PM (GMT+05:30)

सीआरपीएफ उपनिरीक्षक देवानंद यादव का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव करजहां, देवरिया पहुंचा, जहां मां और परिवार का करुण क्रंदन ...और पढ़ें

सीआरपीएफ के उपनिरीक्षक देवानंद यादव के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन को उमड़ी भीड़। जागरण

सीआरपीएफ के उपनिरीक्षक देवानंद यादव के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन को उमड़ी भीड़। जागरण 

HighLights

  1. तिरंगे में लिपटे बेटे को देख मां की चीखें।

  2. सीआरपीएफ उपनिरीक्षक देवानंद यादव को अंतिम विदाई।

  3. पिता ने सरयू तट पर दी मुखाग्नि।

संवाद सूत्र, कपरवार, (देवरिया)। तिरंगे में लिपटे बेटे का पार्थिव शरीर घर पहुंचा तो मां की चीख से सबकी आंखे नम हो गई। मां बार-बार बेटे का चेहरा निहारतीं और फिर बिलख पड़तीं। बहन बेसुध हो गई, जबकि छोटे भाई का भी रो-रोकर बुरा हाल था। सीआरपीएफ में उप निरीक्षक के पद पर तैनात देवानंद यादव का पार्थिव शरीर पैतृक गांव करजहां पहुंचा तो अंतिम दर्शन को भीड़ उमड़ पड़ी।

परिवार का करुण क्रंदन सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भर आईं। महिलाओं ने शोकाकुल स्वजन को संभालने की कोशिश की, लेकिन बेटे को खोने का गम मां के आंसुओं में बार-बार छलक उठता था। ग्रामीणों के लिए भी देवानंद की मौत स्तब्ध कर देने वाली रही। लोग उसे होनहार और अनुशासित जवान के रूप में याद करते रहे।

सीआरपीएफ के उपनिरीक्षक देवानंद यादव छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के मेट्टागुड़म कैंप में तैनात थे। बीते सोमवार को ड्यूटी के दौरान उन्होंने अपने सर्विस हथियार से खुद को गोली मार ली। हालांकि कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। इस घटना ने परिवार और गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। मई में देवानंद अपने दादा के अंतिम संस्कार में शामिल होने गांव आए थे। इसके बाद वह ड्यूटी पर लौट गए। पिता रामानंद यादव को अपने ज्येष्ठ पुत्र पर गर्व था।

घर पर अंतिम रस्में पूरी होने के बाद देवानंद की शवयात्रा सरयू तट स्थित गौरा घाट पहुंची। वहां पिता रामानंद यादव ने मुखाग्नि दी। सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से जवान को अंतिम विदाई दी।

यह भी पढ़ें- ‘हनुमान अंश’ के बाद खुलेगा देवरहा बाबा के रहस्यमयी जीवन का रहस्य, देवरिया आश्रम से मिली अनुमति

एसडीएम न्यायिक शशिकांत मणि, नायब तहसीलदार अनिल तिवारी और एसओ विशाल उपाध्याय ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सपा जिलाध्यक्ष व्यास यादव, पूर्व विधायक स्वामीनाथ भाई, ग्राम प्रधान राजेश कुमार, पवन यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- पूर्वांचल में अवैध असलहा फैक्ट्रियों का जाल पुलिस के लिए चुनौती, निगरानी पर उठे सवाल