देवरिया में RSS स्वयंसेवक की हत्या में प्रभारी निरीक्षक, SI समेत चार निलंबित
देवरिया में आरएसएस स्वयंसेवक रामेश्वर तिवारी की हत्या के मामले में पुलिस अधीक्षक ने लापरवाही बरतने पर प्रभारी निरीक्षक समेत ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
आरएसएस स्वयंसेवक रामेश्वर तिवारी की हत्या हुई।
एसपी ने लापरवाही पर चार पुलिसकर्मी निलंबित किए।
ब्रेकर विवाद में हुई थी रामेश्वर तिवारी की हत्या।
जागरण संवाददाता, देवरिया। आरएसएस स्वयंसेवक रामेश्वर तिवारी की हत्या के मामले में पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने लार के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक राम मूरत तथा दो कांस्टेबल चंद्रभान और प्रीतम को निलंबित कर दिया है। एसपी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में खलबली मची हुई है।
लार थाना क्षेत्र के भीखम छपरा गांव में गुरुवार की शाम पीडब्ल्यूडी की ओर से बनाई गई सड़क पर ब्रेकर बनाने को लेकर रामेश्वर तिवारी और उनके पट्टीदारों के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि इसी विवाद को लेकर पट्टीदारों ने रामेश्वर तिवारी की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्वजन उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कालेज लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद अमृता देवी की तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद और 10 अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। उधर, घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने रात में ही घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान मृतक के स्वजन ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उसे घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया।
यह भी पढ़ें- देवरिया में बारिश के बीच वीबीजी रामजी पोर्टल पर मजदूरों की फर्जी हाजिरी, जांच के आदेश
एसपी ने स्वजन को मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया था। प्रकरण की जांच में पुलिसकर्मियों की प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर एसपी ने प्रभारी निरीक्षक, एक उपनिरीक्षक और दो कांस्टेबल को निलंबित कर दिया। पुलिस विभाग की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
