5 महीने की फरारी के बाद दबोचा गया 25 हजार का इनामी दिव्यांशु, देवरिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई
देवरिया में दुष्कर्म के मामले में पांच महीने से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपित दिव्यांशु को ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। जागरण
HighLights
25 हजार रुपये का इनामी आरोपित दिव्यांशु गिरफ्तार।
दुष्कर्म, छेड़खानी और मारपीट के आरोप में फरार था।
देवरिया पुलिस ने धनौती तिराहे के पास से दबोचा।
जागरण संवाददाता, देवरिया। दुष्कर्म के मुकदमे में करीब पांच महीने से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपित को कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपित को धनौती तिराहे के पास से दबोचा। पुलिस के अनुसार आरोपित के विरुद्ध विभिन्न थानों में मारपीट, धमकी, चोरी व अन्य धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 11 अप्रैल को पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि वह अपने देवर के साथ चार पहिया वाहन से जा रही थी। बड़हरा चौराहे के पास दो बाइक पर सवार आरोपितों ने उनका वाहन रोक लिया। आरोप है कि आरोपितों ने महिला के साथ छेड़खानी करने के साथ ही उसके और देवर के साथ मारपीट की तथा महिला के साथ दुष्कर्म किया। विरोध और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
मुकदमे में नाम सामने आने के बाद दिव्यांशु पुत्र मनोज यादव निवासी गोबराई खास फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस के मुताबिक मामले में शामिल पांच अन्य आरोपितों को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
यह भी पढ़ें- देवरिया में किराए के विवाद में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष और उनके बेटे पर चाकू से हमला, तीन लोग हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार दिव्यांशु के विरुद्ध कोतवाली, रामपुर कारखाना और महुआडीह समेत विभिन्न थानों में कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें बीएनएस की धाराओं के तहत मारपीट, धमकी, चोरी व अन्य गंभीर आरोपों से संबंधित मामले शामिल हैं। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण राय, उपनिरीक्षक रिद्दवन सिंह, कांस्टेबल राजेश कुमार, अभिषेक यादव, उपेंद्र यादव और प्रमोद यादव शामिल रहे।
