विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवरिया में भारत फाइनेंशियल के खिलाफ 21 लाख का गबन, ब्रांच मैनेजर सहित आठ पर केस

Published: Mon, 09 Mar 2026 11:48 AM (IST)

देवरिया के तरकुलवा में भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन लिमिटेड की पथरदेवा शाखा में 21 लाख रुपये के गबन का आरोप लगा ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

HighLights

  1. भारत फाइनेंशियल शाखा में 21 लाख रुपये का गबन।

  2. ब्रांच मैनेजर समेत आठ कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज।

  3. महिलाओं से वसूली गई किस्तें हड़पकर हुए फरार।

संवाद सूत्र, तरकुलवा, (देवरिया)।  इंडसइंड बैंक के पूर्ण स्वामित्व की भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन लिमिटेड की पथरदेवा शाखा के कर्मचारियों पर 21 लाख रुपये गबन कर फरार होने का आरोप लगा है। इस मामले में एरिया मैनेजर की तहरीर पर पुलिस ने ब्रांच मैनेजर समेत आठ लोगों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन लिमिटेड की पथरदेवा शाखा में एरिया मैनेजर के पद पर कार्यरत तरकुलवा निवासी विपिन कुमार शर्मा पुत्र रामनिवास शर्मा ने तहरीर में कहा है कि इस माइक्रोफाइनेंस शाखा के माध्यम से शहरी व ग्रामीण क्षेत्र की जरूरतमंद महिलाओं को आसान केवाइसी प्रक्रिया के आधार पर ऋण दिया जाता है, जिसकी साप्ताहिक किस्तों की वसूली फील्ड स्टाफ करते हैं।

आरोप है कि ब्रांच मैनेजर व अन्य कर्मचारियों ने मिलकर करीब 21 लाख रुपये का गबन कर लिया और फरार हो गए। घटना की जानकारी तब हुई, जब कुछ दिनों से शाखा के कर्मचारी कार्यालय आना बंद कर दिए। जांच के दौरान पता चला कि कर्मचारियों ने महिलाओं से वसूली की रकम जमा न कर अपने पास ही रख लिया।

एरिया मैनेजर जब अपने अन्य स्टाफ के साथ महिलाओं के घर किस्त की जानकारी लेने पहुंचे तो महिलाओं ने बताया कि वे लोग पहले ही पैसा जमा कर चुकी हैं। इसके बाद जब शिकायत करने के लिए आरोपित कर्मचारियों के घर पहुंचे तो वहां उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और भगा दिया गया। एरिया मैनेजर ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

यह भी पढ़ें- देवरिया में कार की टक्कर से बाइक सवार कपड़ा व्यवसायी की मौत, दुकान बंद कर लौट रहे थे घर

इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। एसपी के निर्देश पर तरकुलवा पुलिस ने ब्रांच मैनेजर शैलेश कुमार, कर्मचारी उपेंद्र यादव, साबिर अली, अमरिंदर, शिव कुमार सिंह, हिमांशु, प्रशांत किशोर व सन्नी यादव के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि एरिया मैनेजर की तहरीर पर कुल आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी।