विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नीले ड्रम से मोटर नाव बनाकर 1000KM के सफर पर निकले दो दोस्त; नदी के रास्ते बिहार से पहुंचेंगे बंगाल की खाड़ी

Published: Sun, 29 Nov 2026 07:22 PM (IST)Updated: Sun, 29 Nov 2026 08:07 PM (IST)

बिहार के दो दोस्तों ने प्लास्टिक के ड्रम और देसी जुगाड़ से मोटर चालित नाव तैयार की है। वे गंडक और सरयू नदी के रास्ते 1000 किलोमीटर की यात्रा कर बंगाल की खाड़ी तक पहुंचने के लिए निकले हैं।

ड्रमों से बनाई गई जुगाड़ की मोटर चालित नाव। फोटो जागरण

ड्रमों से बनाई गई जुगाड़ की मोटर चालित नाव। फोटो जागरण

HighLights

  1. बिहार के दो दोस्तों ने बनाई प्लास्टिक ड्रम की नाव।

  2. 1000 KM नदी यात्रा पर निकले बंगाल की खाड़ी तक।

  3. सलेमपुर के नवलपुर घाट पर पहुंची अनोखी मोटर नाव।

रत्नेश यादव, सलेमपुर। कुछ अलग करने का जुनून हो तो रास्ते खुद बन जाते हैं। इसी सोच के साथ बिहार के दो दोस्तों ने प्लास्टिक के ड्रम और देसी जुगाड़ से मोटर चलित नाव तैयार की और करीब एक हजार किलोमीटर की नदी यात्रा पर निकल पड़े। लक्ष्य है गंडक और सरयू नदी के रास्ते बंगाल की खाड़ी तक पहुंचना।

तीन महीने में यह सफर पूरा करने का इरादा लेकर निकले दोनों युवकों की नाव रविवार की सुबह सलेमपुर के नवलपुर घाट पहुंची तो उसे देखने के लिए आसपास के गांवों से सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई।

दो दोस्तों ने साझा किया अनोखा विचार

बिहार के गोपालगंज जनपद के ब्रह्माइन गांव निवासी आशिक अली और शौकत अली की दोस्ती सूरत की एक निजी कंपनी में काम करने के दौरान हुई थी। दोनों के बीच ऐसी दोस्ती हुई कि कुछ अलग और अनोखा करने का विचार साझा किया।

करीब एक महीने पहले गांव लौटने के बाद दोनों ने प्लास्टिक के ड्रम और देसी तकनीक का इस्तेमाल कर मोटर से चलने वाली नाव तैयार की। इसके बाद 15 दिन पहले बैकुंठपुर के रुपई गांव से गंडक नदी के रास्ते बंगाल की खाड़ी के लिए अपनी यात्रा शुरू कर दी।

नाव देखने के लिए घाट पर जुटी भीड़

रविवार की सुबह दोनों नवलपुर घाट स्थित पीपा पुल के पास पहुंचे। पुल के नीचे से नाव निकालना उनके लिए किसी चुनौती से कम नहीं था। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने नाव निकालने के लिए जगह बनाई और पुल पार करने में सफल रहे। इस अनोखे नजारे को देखने के लिए घाट पर लोगों की भीड़ जुट गई। कई लोग अपने मोबाइल फोन में इस साहसिक सफर को कैद करते नजर आए।

दोनों दोस्तों ने बताया कि ज्यादातर लोग बाइक और कार से यात्रा करते हैं, लेकिन वे कुछ अलग करना चाहते थे। इसी सोच ने उन्हें खुद नाव बनाने और नदी के रास्ते बंगाल की खाड़ी तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया। उनकी योजना लार के चनुकी और चूरिया के रास्ते सरयू नदी में पहुंचने की है।

इसके बाद नदी के रास्ते आगे बढ़ते हुए बंगाल की खाड़ी तक पहुंचेंगे। दोनों ने बताया कि वे रात में नाव नहीं चलाते हैं। शाम होने पर नदी किनारे किसी सुरक्षित स्थान पर रुक जाते हैं। वहीं भोजन तैयार करते हैं और आराम करने के बाद सुबह फिर यात्रा शुरू कर देते हैं।

एक लीटर पेट्रोल में डेढ़ घंटे चलती है नाव

दोनों युवकों ने बताया कि नाव पेट्रोल से चलने वाले इंजन से संचालित होती है। एक लीटर पेट्रोल में करीब डेढ़ घंटे तक नाव पानी में चलती है। इसे तैयार करने में दोनों ने करीब ढाई महीने का समय और एक लाख रुपये खर्च किए हैं।

नाव में बैठने और सामान रखने के लिए पर्याप्त जगह है। यात्रा का पूरा खर्च दोनों स्वयं उठा रहे हैं। वे गैलन में पेट्रोल लेकर चलते हैं। रात में नदी किनारे ठहरने के दौरान पेट्रोल पंप से पेट्रोल खरीदकर नाव पर रख लेते हैं और जरूरत के अनुसार इंजन में डालते हैं।

यह भी पढ़ें- एक गुलाब से शुरू हुआ सफर, अब 122 प्रजातियों से महक रहा सिद्धार्थनगर का सरकारी स्कूल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।