देवरिया के भाटपाररानी में 123 करोड़ की लागत से बनेगा 1200 मीटर लंबा ROB, शासन से मिली मंजूरी
देवरिया के भाटपाररानी में बेलपार ढाले पर 1200 मीटर लंबे रेल उपरिगामी सेतु (आरओबी) के निर्माण को शासन से मंजूरी मिल गई है।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
भाटपाररानी में 1200 मीटर लंबे आरओबी को मिली मंजूरी।
परियोजना की लागत 123 करोड़ 14 लाख रुपये निर्धारित।
जाम से राहत, आवागमन होगा सुगम, विकास को गति।
जागरण संवाददाता, देवरिया। भाटपाररानी के बेलपार ढाले पर रेल उपरिगामी सेतु (आरओबी) निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। समपार संख्या 112-ए पर 1200 मीटर लंबा टी आकार का दो लेन आरओबी बनाया जाएगा। इसके लिए शासन ने 123 करोड़ 14 लाख 51 हजार रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में परियोजना के लिए 26 करोड़ 17 लाख 74 हजार रुपये अवमुक्त हो गए हैं।
प्रस्तावित आरओबी की चौड़ाई 8.50 मीटर होगी, जिसमें 7.50 मीटर चौड़ी दो लेन सड़क बनाई जाएगी। इसका उत्तरी हिस्सा भिंगारी बाजार को जोड़ेगा, जबकि दक्षिण दिशा में सलेमपुर मार्ग व रेलवे स्टेशन मार्ग से संपर्क स्थापित होगा। भाटपाररानी नगर का महत्वपूर्ण आवागमन मार्ग है। यहां ट्रैफिक वाल्यूम यूनिट (टीवीयू) 1,82,186 दर्ज किया गया है, जबकि आरओबी निर्माण के लिए एक लाख से अधिक टीवीयू का मानक निर्धारित है।
इस रेलखंड पर प्रतिदिन 125 से अधिक ट्रेनों का आवागमन होता है। ट्रेनों के गुजरने के दौरान ढाला बंद होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। इससे नगर में जाम की स्थिति बनती है। स्कूली छात्र-छात्राओं, नौकरीपेशा लोगों व बाजार आने-जाने वालों को परेशानी उठानी पड़ती है। आरओबी बनने से रेलवे ढाले पर लगने वाले जाम से राहत मिलने के साथ ही आवागमन सुगम होगा।
परियोजना की कुल लागत में मुख्य सेतु के रेलवे के भाग में 48 करोड़ 35 लाख 25 हजार रुपये खर्च होंगे। भूमि अधिग्रहण व भवनों के मुआवजे के लिए 12 करोड़ 95 लाख 21 हजार रुपये तथा यूटिलिटी शिफ्टिंग के लिए 50 लाख 52 हजार रुपये निर्धारित किए गए हैं। पहुंच मार्ग सहित अन्य निर्माण कार्यों पर 61 करोड़ 33 लाख 53 हजार रुपये खर्च होंगे।
यह भी पढ़ें- देवरिया की शान बनीं आद्रिका कश्यप, 10 साल की उम्र में जीते गोल्ड समेत 3 नेशनल मेडल
आरओबी की कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड होगी। हालांकि, रेलवे भाग का निर्माण रेलवे विभाग कराएगा। रेलवे की सहभागिता मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
आरओबी निर्माण की स्वीकृति मिल गई है। रेलवे के साथ आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराकर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।- विजेंद्र कुमार सिंह, उप परियोजना प्रबंधक, सेतु निगम
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।