विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवरिया के अभिषेक निषाद का शव 34 दिन बाद पहुंचा दिल्ली, पैतृक गांव करमेल लाया जा रहा पार्थिव शरीर

Published: Sun, 23 Aug 2026 12:29 PM (IST)

यूक्रेन के ओडेसा तट पर रूसी मिसाइल हमले में मारे गए देवरिया के अभिषेक निषाद और कर्नाटक के अखिल जोयन ...और पढ़ें

दिल्ली पहुंचा शव देवरिया के लिए रवाना, इनसेट में मृतक। जागरण

दिल्ली पहुंचा शव देवरिया के लिए रवाना, इनसेट में मृतक। जागरण

HighLights

  1. अभिषेक निषाद और अखिल जोयन के शव भारत लाए गए।

  2. यूक्रेन में रूसी मिसाइल हमले में हुई थी मौत।

  3. डीएनए जांच के बाद 34 दिन में हुई पहचान।

जागरण संवाददाता, देवरिया। यूक्रेन के ओडेसा तट के निकट रूसी मिसाइल हमले में मारे गए देवरिया के अभिषेक निषाद व कर्नाटक के अखिल जोयन का शव 34 दिन बाद रविवार को यूक्रेन से मोल्दोवा के रास्ते भारत लाया गया। अभिषेक का शव दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचने के बाद रिश्तेदार सुबह करीब आठ बजे उसे लेकर पैतृक गांव करमेल के लिए रवाना हो गए।

वहीं अखिल जोयन का शव चेन्नई से बेंगलुरु पहुंचाया गया। डीएनए जांच में पहचान की पुष्टि होने के बाद दोनों शवों को भारत लाया जा सका। यह जानकारी शिप कंपनी की प्रतिनिधि प्रतिज्ञा त्रिपाठी ने जागरण से दूरभाष पर बातचीत में दी।

गौरीबाजार थाना क्षेत्र के करमेल गांव निवासी 22 वर्षीय अभिषेक निषाद मालवाहक जहाज गोल्डन लियो पर क्रू सदस्य के रूप में कार्यरत थे। वह 10 जुलाई को वाराणसी से मुंबई पहुंचे थे। इसके बाद तुर्किए होते हुए 11 जुलाई को जहाज पर सवार हुए थे। जहाज मक्का के लिए माल लेकर जा रहा था। 19 जुलाई को यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह के निकट जहाज पर रूसी मिसाइल हमला हुआ, जिसमें अभिषेक की मौत हो गई।

मिसाइल हमले में शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए थे। मृतकों की उम्र भी लगभग समान होने के कारण सामान्य पहचान के आधार पर शवों की पुष्टि संभव नहीं थी। इसके बाद डीएनए जांच कराई गई। रिपोर्ट के मिलान के बाद अभिषेक के शव की पहचान हुई। यूक्रेन के कीव स्थित बोरिस्पिल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से शव को मोल्दोवा के चिसिनाउ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे लाया गया। वहां से विमान के जरिए उसे नई दिल्ली लाया गया। कंपनी की एंबुलेंस से शव को करमेल लाया जा रहा है, जो देर रात तक पहुंचने की उम्मीद है।

चार भारतीयों की हुई थी मृत्यु

19 जुलाई को ओडेसा बंदरगाह के निकट मालवाहक जहाज गोल्डन लियो पर हुए रूसी मिसाइल हमले में चार भारतीय क्रू सदस्यों के मारे जाने की पुष्टि हुई थी। इनमें अभिषेक निषाद के अलावा कर्नाटक के हासन जिले के 26 वर्षीय अखिल जोयन, पंजाब के रहने वाले गुरप्रीत सिंह भट्ट और राजस्थान के जगन सिंह शामिल हैं।

अखिल जोयन का शव यूक्रेन से चेन्नई लाया गया और वहां से बेंगलुरु भेजा गया। इसके बाद शव को उनके पैतृक जिले भेजा जा रहा है। वहीं गुरप्रीत सिंह भट्ट और जगन सिंह के शव अभी भारत नहीं लाए गए हैं। उनकी डीएनए रिपोर्ट का मिलान नहीं हो सका है। दोनों के शव अगले सप्ताह भारत आने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- देवरिया में पिंडी गांव के स्कूल में तोड़फोड़, ग्रामीणों में आक्रोश

विदेश मंत्रालय ने दी थी जानकारी

अभिषेक के शव को भारत लाने में हो रही देरी को लेकर विदेश मंत्रालय ने केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान को जानकारी दी थी। डीएनए जांच और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अभिषेक का शव 34 दिन बाद उसके पैतृक गांव आ रहा है। शव आने की सूचना के बाद परिवार और ग्रामीणों में शोक की लहर है।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।