चित्रकूट में किताबों से निकलकर बच्चों ने हकीकत में देखा राजभवन, शैक्षिक भ्रमण में उत्साहित दिखे बच्चे
अंतर्राष्ट्रीय बाल सप्ताह-2026 के समापन पर विज्ञान फाउंडेशन ने चित्रकूट के 10 बच्चों को उत्तर प्रदेश राजभवन का शैक्षिक भ्रमण कराया। बच्चों ने राजभवन के इतिहास, महत्व और कार्यप्रणाली को करीब से जाना, जिससे उनका उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा।
-1795241166938_m.webp)
संवाद सूत्र, मानिकपुर (चित्रकूट)। अब तक किताबों में राजभवन के बारे में पढ़ने वाले बच्चों को जब इसे करीब से देखने और समझने का अवसर मिला तो उनका उत्साह देखते ही बना। अंतरराष्ट्रीय बाल सप्ताह-2026 के समापन पर विज्ञान फाउंडेशन की ओर से जिले के 10 बच्चों को उत्तर प्रदेश राजभवन का शैक्षिक भ्रमण कराया गया। बच्चों ने परिसर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों को देखा और इसके इतिहास, महत्व व कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
विज्ञान फाउंडेशन की रीना सिंह ने बताया कि भ्रमण का उद्देश्य बच्चों को प्रदेश के महत्वपूर्ण संवैधानिक और ऐतिहासिक संस्थानों से परिचित कराना था। इसके साथ ही उन्हें व्यावहारिक अनुभव के जरिए सीखने का अवसर देना भी रहा। राजभवन पहुंचकर बच्चों ने वहां के विभिन्न स्थलों का अवलोकन किया और नई जानकारियां हासिल कीं।
भ्रमण में शामिल दुर्गा ने बताया कि राजभवन आना उनके लिए यादगार अनुभव रहा। अब तक इस स्थान के बारे में केवल सुना और किताबों में पढ़ा था, लेकिन पहली बार इसे करीब से देखने का मौका मिला। वहीं संतोषी ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों को नई चीजें देखने और जानने का अवसर मिलता है। इससे ज्ञान बढ़ने के साथ आत्मविश्वास भी मजबूत होता है।