प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना: ई-केवाईसी पूरी होने पर ही मिलेंगे मुफ्त सिलिंडर, खाते में आएगी DBT की राशि
उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को दीपावली पर दो मुफ्त रिफिल सिलिंडर मिलेंगे, जिसके लिए ई-केवाईसी अनिवार्य है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
दीपावली पर उज्ज्वला लाभार्थियों को दो मुफ्त सिलिंडर।
योजना का लाभ लेने के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य।
चित्रकूट में ग्राहकों से जल्द ई-केवाईसी कराने की अपील।
जागरण संवाददाता, चित्रकूट। उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को दीपावली पर दो मुफ्त रिफिल सिलिंडर देने की घोषणा से खुशी है। योजना का लाभ उन्हीं ग्राहकों को मिलेगा, जिनकी इलेक्ट्रॉनिक नो योर कस्टमर (ई-केवाईसी) पूरी होगी। ऐसे में जिन ग्राहकों ने अब तक ई-केवाईसी नहीं कराई है, वे जल्द प्रक्रिया पूरी कर लें।
जिले में घरेलू रसोई गैस के कुल 1,90,915 कनेक्शन हैं। इनमें 1,29,915 उज्ज्वला कनेक्शन और 61,000 सामान्य घरेलू कनेक्शन हैं। जिला पूर्ति अधिकारी कमल नयन सिंह ने बताया कि उज्ज्वला ग्राहकों को सिलिंडर लेते समय निर्धारित पूरी रकम जमा करनी होगी।
यह राशि डीबीटी के माध्यम से संबंधित ग्राहक के खाते में वापस आएगी। मुफ्त रिफिल सिलिंडर वितरण के लिए विभाग को अभी स्पष्ट गाइडलाइन नहीं मिली है। उन्होंने ग्राहकों से जल्द ईकेवाईसी कराने की अपील की। इसके लिए गैस एजेंसियों में व्यवस्था की गई है। ग्राहक मोबाइल फोन से भी ईकेवाईसी पूरी कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- दिव्यांगजन पेंशन योजना में केंद्र सरकार ने किया बड़ा बदलाव, अब 40% दिव्यांगता पर जन्म से ही मिलेगी पेंशन
उज्ज्वला ग्राहकों की जुबानी
मेरा उज्ज्वला कनेक्शन है और ई-केवाईसी भी करा ली है, ताकि समय पर योजना का लाभ मिल सके। पर्व से पहले मुफ्त रिफिल सिलिंडर देने की पहल सराहनीय है। -गीता सोनकर, गांधी नगर, मानिकपुर
पिछले साल ई-केवाईसी कराई थी। एजेंसी से पता करूंगी कि प्रक्रिया पूरी है या नहीं। जरूरत हुई तो इसे पूरा कराऊंगी। त्योहार पर उपहार के रूप में मुफ्त रिफिल सिलिंडर देने की घोषणा से लाभार्थियों को बड़ी राहत मिली है। - माया देवी, तालातीर
