Kartik Purnima 2026: रामघाट से जानकीकुंड तक उमड़ा जनसैलाब, स्नान, दान और दीपदान से जगमगाए चित्रकूट के घाट
चित्रकूट में कार्तिक पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया, जहां लाखों श्रद्धालुओं ने मंदाकिनी में स्नान, दान और दीपदान किया। भक्तों ने कामतानाथ के दर्शन और कामदगिरि की परिक्रमा कर सुख-समृद्धि की कामना की।

HighLights
लाखों श्रद्धालुओं ने मंदाकिनी नदी में आस्था की डुबकी लगाई।
रामघाट सहित विभिन्न घाटों पर दीपदान और पूजा-अर्चना हुई।
कामतानाथ दर्शन और कामदगिरि परिक्रमा कर मांगी सुख-समृद्धि।
जागरण संवाददाता, चित्रकूट। कार्तिक पूर्णिमा का पर्व मंगलवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। ब्रह्ममुहूर्त से ही मंदाकिनी नदी के तटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। रामघाट, जानकीकुंड, भरत और राघव प्रयाग घाट सहित विभिन्न घाटों पर देश के अलग-अलग प्रांतों से आए करीब एक लाख श्रद्धालुओं ने मां मंदाकिनी में आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के बाद महिलाओं ने गंगा जी और भगवान विष्णु की विधिवत पूजा-अर्चना कर दीपदान किया। श्रद्धालुओं ने भगवान कामतानाथ के दर्शन और कामदगिरि की परिक्रमा कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
पूरे कार्तिक मास व्रत और स्नान करने वाली महिलाओं ने पूर्णिमा पर उद्यापन कर धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए। दिगंबर अखाड़ा के महंत दिव्यजीवनदास ने बताया कि कार्तिक मास भगवान विष्णु को प्रिय माना गया है। इस दौरान भक्ति, संयम और पूजा-अर्चना का विशेष महत्व है। कथा वाचक बृजेंद्र शास्त्री ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र नदियों में स्नान करना हिंदू धर्म में अत्यंत शुभ माना गया है।
मान्यता है कि इससे पुण्य की प्राप्ति होती है और मोक्ष का मार्ग प्रशस्त होता है। सतना से आईं गोमती देवी ने बताया कि वह हर साल कार्तिक मास में उपवास रखती हैं। मंदाकिनी में स्नान कर उन्हें आत्मिक शांति मिली। जबलपुर के लक्ष्मी प्रसाद ने कहा कि चित्रकूट की धार्मिक ऊर्जा अद्भुत है। कार्तिक पूर्णिमा पर मंदाकिनी स्नान और श्रद्धालुओं के बीच भक्ति का माहौल मन को आनंदित करता है। दिनभर घाटों पर भजन-कीर्तन और हर-हर गंगे के जयघोष गूंजते रहे। शाम को दीपों से मंदाकिनी तट जगमगा उठा।
अर्घमर्षण कुंड में भी श्रद्धालुओं ने किया स्नान
मानिकपुर प्रतिनिधि के अनुसार, जिले से सटे धारकुंडी आश्रम स्थित अर्घमर्षण कुंड में भी कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। देर रात से ही दूर-दराज के क्षेत्रों से भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था। सुबह महिला, पुरुष और बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने कुंड में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। इसके बाद महाराज जी के समाधि स्थल की परिक्रमा कर दर्शन किए और आश्रम में प्रसाद ग्रहण किया। संत संजय महाराज ने बताया कि सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने स्नान और दर्शन किए। पूरे दिन आश्रम परिसर में भक्ति और आध्यात्मिकता का माहौल बना रहा।