मंदाकिनी की बाढ़ रोकने के लिए तलाशे जा रहे पानी के रास्ते, देश के विशेषज्ञ पहुंचे सर्वे करने
चित्रकूट में मंदाकिनी नदी में बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए वैज्ञानिक अध्ययन किया जाएगा। दिल्ली और भोपाल ...और पढ़ें

मंदाकिनी की बाढ़ को लेकर लोगों से फीड बैक लेते टीम के सदस्य। स्रोत-सूचना विभाग
HighLights
दिल्ली, भोपाल के विशेषज्ञों ने मंदाकिनी नदी का सर्वेक्षण किया।
बाढ़ रोकने को वैज्ञानिक अध्ययन, जल निकासी मार्ग का विश्लेषण।
जिलाधिकारी ने नदी की स्थिति, जल प्रवाह को समझा।
जागरण संवाददाता, चित्रकूट। वर्षा के समय मंदाकिनी नदी का उफान व आसपास के इलाकों में बाढ़ की समस्या अब केवल राहत और बचाव तक सीमित नहीं रहेगी। प्रशासन पानी के बहाव व उसके निकासी के रास्तों का वैज्ञानिक अध्ययन कर ऐसी कार्ययोजना तैयार करेगा, जिससे बाढ़ के खतरे का समय रहते आकलन कर उसे रोका या प्रभाव कम किया जा सके। मंगलवार को दिल्ली व भोपाल से आई विशेषज्ञों की टीम ने जिलाधिकारी पुलकित गर्ग के साथ रामघाट, सरयू व पयस्विनी धारा के मंदाकिनी से मिलने के स्थल को देखा।
इसी साल 29 अगस्त को मंदाकिनी में समुद्र तल से 135.200 मीटर की ऊंचाई तक रिकार्ड बाढ़ के बाद दैनिक जागरण ने चार दिवसीय समाचारीय शृंखला 'कुपित मंदाकिनी रोकी राह आई आफत' व इससे पहले गर्मी में 'संकट में मंदाकिनी' से मुद्दा उठाया था।
इसका संज्ञान लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने चित्रकूट पहुंचकर अतिक्रमण हटाने, स्थायी हल निकालने की बात कही थी। भोपाल से केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के क्षेत्रीय निदेशक डा. एके विद्यार्थी, कौस्तुभ नारायण, वैज्ञानिक डा. अनूप चतुर्वेदी, दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंटर फार एनवायरमेंट मैनेजमेंट आफ डिग्रेडेड इकोसिस्टम्स के वैज्ञानिक प्रभारी डा. फैयाज खुदसर, आइआइटी के पूर्व प्रोफेसर एके गोसाईं, पूजा सिंह, प्रभाकर शुक्ला, सार्थक संस्था भोपाल के परियोजना निदेशक, अंतरराष्ट्रीय अपशिष्ट प्रबंधन संस्थान के प्रतिनिधि, परिषद सदस्य इम्तियाज अली, केंद्रीय भूजल बोर्ड भोपाल के डा. राकेश सिंह, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड बांदा के सहायक अभियंता दीनदयाल, दीनदयाल शोध संस्थान (डीआरआइ) के बसंत पंडित, डीएफओ प्रत्यूष कटिहार व एसडीएम कर्वी अजय यादव के साथ जिलाधिकारी ने नदी की स्थिति समझी।
तय हुआ कि विशेषज्ञ नदी की ऊंचाई, जल प्रवाह, भूजल स्तर, जल स्रोतों व निकासी की दिशा का विस्तृत सर्वेक्षण करेंगे। नदी में मिलने वाले नालों के उद्गम, प्रवाह व निकासी मार्ग का अध्ययन होगा। इससे बारिश में नदी में कहां से कितना पानी पहुंचता है, ये पता चलेगा। किन स्थानों पर निकासी बाधित होने से जलस्तर बढ़ता है। इसी आधार पर नदी का वैज्ञानिक माडल तैयार किया जाएगा, जिससे बाढ़ की स्थिति का बेहतर आकलन हो सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि कितनी बारिश होने पर नदी का जलस्तर किस स्तर तक पहुंचता है, ये जानना जरूरी है। इससे हर छह घंटे में जलस्तर की निगरानी व पूर्वानुमान की व्यवस्था विकसित करने में मदद मिलेगी। बाढ़ के पानी के प्रबंधन को मध्य प्रदेश की ओर निर्माणाधीन बांधों व जल संरचनाओं की संभावनाओं का भी अध्ययन होगा। जरूरत पर पानी के प्रभाव को नियंत्रित करने के विकल्प तलाशे जाएंगे। नदी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने, वास्तविक सीमा सुरक्षित रखने को पिलर लगाए जा रहे हैं, ताकि भविष्य में दोबारा कब्जे न हो सकें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।