सीएम योगी चित्रकूट में मंदाकिनी बाढ़ पीड़ितों को देंगे राहत, तबाही का हवाई सर्वेक्षण करेंगे मुख्यमंत्री
चित्रकूट में मंदाकिनी बाढ़ से जिले में 20 दिन की बाढ़ से 36 गांव प्रभावित हुए हैं, करीब 500 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं और कारोबार को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

सीएम योगी आदित्यनाथ।
HighLights
सीएम योगी चित्रकूट में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे।
रामायण मेला परिसर में बाढ़ पीड़ितों को राहत किट बांटेंगे।
मंदाकिनी बाढ़ से 36 गांव और 500 मकान क्षतिग्रस्त हुए।
जागरण संवाददाता, चित्रकूट। मंदाकिनी की प्रलयकारी बाढ़ से हुई तबाही का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को हवाई सर्वेक्षण कर जायजा लेंगे। मुख्यमंत्री दोपहर में चित्रकूट पहुंचेंगे। हेलीकॉप्टर से बाढ़ प्रभावित गांवों, सड़कों, पुलों और अन्य क्षतिग्रस्त क्षेत्रों की स्थिति देखने के बाद वह रामायण मेला परिसर पहुंचेंगे। यहां बाढ़ पीड़ित परिवारों को राहत किट वितरित करेंगे।
रामायण मेला परिसर में बाढ़ पीड़ितों को बांटेंगे राहत किट
करीब 20 दिन तक बाढ़ की विभीषिका झेल चुके जिले में मुख्यमंत्री का दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब रामघाट समेत 36 गांवों में बाढ़ के निशान बाकी हैं। करीब 500 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। इनमें 311 क्षतिग्रस्त मकानों के पीड़ितों को प्रशासन की ओर से मुआवजा दिया जा चुका है। नदी-नालों के तेज बहाव से सड़क, पुल और संपर्क मार्ग भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।
20 दिन की बाढ़ में 36 गांवों में तबाही, करीब 500 मकान क्षतिग्रस्त
रामघाट समेत नदी किनारे के इलाकों में दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों में पानी भरने से कारोबार को भी बड़ा नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर देवांगना घाटी स्थित चित्रकूट एयरपोर्ट पर उतरेगा। इसके बाद वह सड़क मार्ग से रामायण मेला परिसर पहुंचेंगे।
सड़क-पुल और कारोबार को हुए नुकसान का भी लेंगे जायजा
जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने शनिवार सुबह एयरपोर्ट, रामघाट और रामायण मेला परिसर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। सदर एसडीएम अजय कुमार ने बताया कि सुरक्षा समेत कार्यक्रम स्थल की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कराई जा रही हैं। गौरतलब है कि एक सप्ताह पहले मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी चित्रकूट के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर चुके हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।