विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चित्रकूट में महिला की हत्या कर चेहरा पत्थर से कुचला, शव के किए कई टुकड़े

Published: Tue, 10 Nov 2026 02:00 AM (IST)

चित्रकूट में एक लगभग 25 वर्षीय महिला की हत्या कर चेहरा पत्थर से कुचल दिया गया और शव के कई टुकड़े कर सड़क किनारे फेंक दिया गया।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. चित्रकूट में 25 वर्षीय महिला की जघन्य हत्या हुई।

  2. हत्यारों ने चेहरा कुचला, शव के कई टुकड़े किए।

  3. पुलिस महिला की शिनाख्त और हत्यारों की तलाश में जुटी।

जागरण संवाददाता, चित्रकूट। पहचान छिपाने के लिए हत्यारों ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। करीब 25 वर्षीय महिला की हत्या करने के बाद उसका चेहरा पत्थर से कुचल दिया और शव के कई टुकड़े कर दिए। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे बरगढ़ थाना क्षेत्र के कंधरा गांव के पास बरगढ़-डभौरा मार्ग किनारे क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई।

शव की हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि महिला की कहीं और हत्या करने के बाद पहचान मिटाने के इरादे से शव यहां लाकर दो दिन पहले फेंका गया है। चौकीदार की सूचना पर बरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक समेत अन्य आला अधिकारी और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। महिला के शरीर पर साड़ी मिली है। हालांकि, इससे उसकी वैवाहिक स्थिति की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती महिला की शिनाख्त करना है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

सीओ फहद अली ने बताया कि शव बरगढ़-डभौरा मार्ग पर मध्य प्रदेश की सीमा से करीब 500 मीटर पहले मिला है। आशंका है कि महिला की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और शव यहां लाकर फेंका गया। संभावना जताई जा रही है कि महिला रीवा जिले की हो सकती है, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने पहचान के लिए शव की फोटो आसपास के थानों और सोशल नेटवर्किंग साइट पर प्रसारित की है।

सीओ के मुताबिक, महिला की पहचान और हत्या से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए दो पुलिस टीमों को लगाया गया है। सर्विलांस टीम घटनास्थल के आसपास मोबाइल टावरों से जुड़े नंबरों की लोकेशन खंगाल रही है। पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है, ताकि महिला की पहचान के साथ हत्या की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

यह भी पढ़ें- चित्रकूट में सड़क हादसा: दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली नहर में पलटी, 4 की मौत, 12 घायल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।