विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'पढ़ाई खूब करती हूं, पर याद कुछ नहीं रहता...' चित्रकूट में सुसाइड नोट पर लिखकर छात्रा ने दी जान

Published: Sat, 28 Nov 2026 12:33 PM (IST)

चित्रकूट में नौवीं की छात्रा निशा ने पढ़ाई में याद न रहने की परेशानी से जूझते हुए आत्महत्या कर ली। उसकी कॉपी में लिखे शब्दों और माता-पिता से बातचीत से यह मनोदशा सामने आई, पुलिस जांच कर रही है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. नौवीं की छात्रा निशा ने पढ़ाई के तनाव में आत्महत्या की।

  2. कॉपी में लिखा था, 'पढ़ाई करती हूं, पर याद कुछ नहीं रहता।'

  3. माता-पिता से भी अक्सर पढ़ाई की परेशानी बताती थी।

जागरण संवाददाता, चित्रकूट। जिस कापी में कक्षा नौ की छात्रा पढ़ाई करती थी, उसी में लिखे कुछ शब्द उसकी मनोदशा बयां कर रहे थे। उसने लिखा था कि वह खूब पढ़ाई करती है, लेकिन कुछ याद नहीं रहता। पढ़ाई को लेकर इसी परेशानी का जिक्र वह अक्सर घर में भी करती थी। गुरुवार रात पहाड़ी थाना क्षेत्र के चौरा गांव में 15 वर्षीय निशा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुबह पिता उसे जगाने पहुंचे तो कमरे में बेटी को मृत देखकर बदहवास हो गए। पुलिस ने कमरे से उसकी खुली कापी बरामद की है।

चौरा गांव निवासी नत्थू प्रसाद की छोटी बेटी निशा पहाड़ी स्थित पालेश्वर नाथ इंटर कालेज में कक्षा नौ की छात्रा थी। पिता के मुताबिक, गुरुवार रात निशा घर में अकेली थी। उसकी मां लीलावती मायके नोनार गांव गई थी, जबकि दोनों भाई बाहर रहते हैं। रात में खाना खाने के बाद निशा ने पिता से मवेशियों को चारा देने और बाड़े का दरवाजा बंद करने को कहा। इसके बाद पिता दूसरे घर में सोने चले गए।

शुक्रवार सुबह बेटी को कालेज जाने के लिए जगाने पहुंचे तो वह कमरे में मृत मिली। थाना प्रभारी विवेक सिंह ने कमरे से खुली कापी बरामद की, जिसमें निशा ने पढ़ाई करने के बावजूद याद नहीं रहने की परेशानी लिखी थी। उसने अपने माता-पिता के प्रति प्यार भी जताया था। मां लीलावती ने बताया कि निशा अक्सर कहती थी कि कितना भी पढ़ने पर उसे याद नहीं रहता। कालेज में शिक्षकों की डांट से भी उसे बुरा लगता था। मां ने बताया कि उन्हें अंदाजा नहीं था कि बेटी इतनी परेशान है।

बेटी पर करते थे पूरा भरोसा
पिता नत्थू प्रसाद मजदूरी और फसल बेचकर जो रुपये जुटाते थे, उनमें से कुछ बेटी को संभालकर रखने के लिए देते थे। दो दिन पहले ही उन्होंने निशा को 600 रुपये दिए थे। निशा ने उन रुपयों के रखे होने की जानकारी भी अपने हाथ पर लिख रखी थी। पापा जो रुपये आप दिए थे वह फला बाक्स में रखे हैं ले लेना...।

यह भी पढ़ें- चित्रकूट की मंदाकिनी नदी में बह रहा होटलों-धर्मशालाओं का गंदा पानी, NGT ने जताई नाराजगी; 103 प्रतिष्ठानों को नोटिस

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।