विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चित्रकूट की मंदाकिनी नदी में बह रहा होटलों-धर्मशालाओं का गंदा पानी, NGT ने जताई नाराजगी; 103 प्रतिष्ठानों को नोटिस

Published: Thu, 26 Nov 2026 06:12 PM (GMT+05:30)

राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) ने चित्रकूट की मंदाकिनी नदी में बिना उपचारित सीवेज बहाए जाने पर सख्त रुख अपनाया है। सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट अधूरा होने के कारण प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने 103 प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए हैं।

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. मंदाकिनी में बिना उपचारित सीवेज बहाने पर NGT ने लिया संज्ञान।

  2. अधूरे सीवेज प्लांट के कारण 103 प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी।

  3. मानसून से जल गुणवत्ता सुधरी, लेकिन प्रदूषण का खतरा अभी भी।

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। चित्रकूट की जीवनदायिनी मंदाकिनी नदी में बिना उपचारित सीवेज बहाए जाने के मामले में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने सख्त रुख अपनाया है। मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की निरीक्षण रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निर्माण अब तक पूरा नहीं हो सका है। इसके चलते होटल, धर्मशाला, आश्रम और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से निकलने वाला गंदा पानी सीधे या नालों के माध्यम से नदी में पहुंच रहा है।

मामले में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सतना क्षेत्रीय कार्यालय ने 103 इकाइयों को वैधानिक नोटिस जारी किए हैं। इन प्रतिष्ठानों को बिना उपचारित अपशिष्ट जल नदी में छोड़ना बंद करने और जरूरी सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

एसटीपी अधूरा, सीवेज निस्तारण की व्यवस्था नहीं

बोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार, चित्रकूट नगर के लिए प्रस्तावित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का काम अब तक पूरा नहीं हुआ है। घरेलू और व्यावसायिक अपशिष्ट जल के उपचार की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से नदी में प्रदूषण का खतरा बना हुआ है।

निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि क्षेत्र में ठोस और तरल अपशिष्ट के उत्पादन तथा उनके उपचार की व्यवस्था के बीच अंतर है। यानी जितना कचरा और गंदा पानी निकल रहा है, उसके मुकाबले निस्तारण की सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं।

मानसूनी पानी से सुधरी जल गुणवत्ता, लेकिन खतरा बरकरार

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने नदी और आसपास के नालों से पानी के नमूने लेकर जांच कराई थी। रिपोर्ट में नमूनों की जल गुणवत्ता निर्धारित मानकों के भीतर पाई गई। हालांकि, बोर्ड ने इसके पीछे मानसून के दौरान नदी में बढ़े जल प्रवाह और उसकी प्राकृतिक स्वच्छीकरण क्षमता को प्रमुख कारण बताया है।

इसके बावजूद बिना उपचारित सीवेज का नदी में पहुंचना पर्यावरणीय चिंता का विषय बना हुआ है। जल गुणवत्ता के मानकों पर फिलहाल स्थिति सामान्य मिलने से सीवेज प्रवाह की समस्या खत्म नहीं मानी जा सकती।

यह भी पढ़ें- पन्ना के जंगल में मिला बाघिन का शव, गले में कसा था क्लच वायर का फंदा; वन विभाग में हड़कंप

NGT में दो सप्ताह का समय मांगा

भोपाल स्थित एनजीटी की केंद्रीय क्षेत्रीय पीठ ने 23 नवंबर को मामले से जुड़े निष्पादन आवेदन पर सुनवाई की। इस दौरान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने संबंधित प्रतिष्ठानों पर पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति लगाने और अभियोजन की कार्रवाई का विवरण प्रस्तुत करने के लिए दो सप्ताह का समय मांगा।

वहीं, आवेदक की ओर से जारी नोटिसों की तामील के प्रमाण भी न्यायाधिकरण के रिकॉर्ड पर रखने की मांग की गई।

मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव, न्यायमूर्ति श्यो कुमार सिंह और विशेषज्ञ सदस्य सुधीर कुमार चतुर्वेदी की पीठ ने की। अब अगली सुनवाई 6 जनवरी 2027 को निर्धारित की गई है। इस सुनवाई में बोर्ड की कार्रवाई और पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति से संबंधित जानकारी महत्वपूर्ण होगी।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।