चित्रकूट गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध मौत मामले में नया मोड़: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग की पुष्टि; पति गिरफ्तार
चित्रकूट के मोहनी गांव में गर्भवती विनीता की संदिग्ध मौत की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग की पुष्टि हुई है। परिजनों ने दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पति पप्पू के खिलाफ तहरीर दी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
गर्भवती विनीता की संदिग्ध मौत, पोस्टमार्टम में हैंगिंग पुष्टि।
दहेज उत्पीड़न का आरोप, पति पप्पू को पुलिस ने पकड़ा।
शरीर पर मामूली खरोंच, गहरी चोट के निशान नहीं।
जागरण संवाददाता, चित्रकूट। मऊ थाना क्षेत्र के मोहनी गांव में 21 वर्षीय गर्भवती विनीता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का कारण हैंगिंग बताया गया है। शनिवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई। शरीर पर मामूली खरोंच के निशान मिले हैं, जबकि कोई गहरी चोट नहीं पाई गई।
शुक्रवार को विनीता का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला था। उसकी मां बच्ची देवी और पिता रामबाबू ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि पति पप्पू दहेज की खातिर विनीता को परेशान और पीटता था। उन्होंने आशंका जताई कि उसकी हत्या की गई है।
दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने पप्पू को पकड़ लिया। थाना प्रभारी राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपित से पूछताछ जारी है।
यह भी पढ़ें- 'पढ़ाई खूब करती हूं, पर याद कुछ नहीं रहता...' चित्रकूट में सुसाइड नोट पर लिखकर छात्रा ने दी जान