विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चित्रकूट में 400 मीटर की दौड़ पूरी नहीं कर सके आठ पुलिसकर्मी, एसपी ने लगाई फटकार

Published: Sat, 14 Nov 2026 01:43 PM (IST)

चित्रकूट में साप्ताहिक परेड के दौरान आठ पुलिसकर्मी 400 मीटर की दौड़ पूरी नहीं कर पाए, जिस पर एसपी अरुण ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. आठ पुलिसकर्मी 400 मीटर दौड़ पूरी नहीं कर पाए।

  2. एसपी अरुण कुमार सिंह ने पुलिसकर्मियों को फटकार लगाई।

  3. नियमित व्यायाम और फिटनेस पर जोर देने के निर्देश।

जागरण संवाददाता, चित्रकूट। पुलिस की वर्दी पहनकर कानून-व्यवस्था संभालने वालों की शारीरिक चुस्ती भी ड्यूटी का अहम हिस्सा है, लेकिन शुक्रवार को पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड के दौरान आठ पुलिसकर्मी 400 मीटर की दौड़ पूरी नहीं कर सके।

इस पर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने नाराजगी जताते हुए उन्हें फटकार लगाई। चार पुलिसकर्मियों ने अस्वस्थ होने की बात कही, जबकि शेष चार को चेतावनी दी गई। एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिसकर्मियों की फिटनेस में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

एसपी ने सबसे पहले परेड की सलामी ली और इसके बाद निरीक्षण किया। पुलिसकर्मियों को शारीरिक और मानसिक रूप से चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए व्यायाम कराया गया। साथ ही 400 मीटर की दौड़ कराकर उनकी शारीरिक क्षमता भी परखी गई। एसपी ने कहा कि सर्दी का मौसम शुरू हो गया है।

ऐसे में नियमित व्यायाम और दौड़ से शरीर को फिट रखना जरूरी है। पुलिसकर्मियों को अपनी दिनचर्या में इसे शामिल करना चाहिए। इसके बाद एसपी ने पुलिस लाइन की परिवहन शाखा, डायल-112 कार्यालय, आवासीय परिसर, बैरक, सीपीसी कैंटीन, मंदिर, भोजनालय और आर्मरी का निरीक्षण किया।

वाहनों में मिली कमियों को दूर करने और परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। अर्दली रूम में कर्मचारियों की समस्याएं भी सुनीं। इस दौरान क्षेत्राधिकारी लाइन/मऊ फहद अली, प्रतिसार निरीक्षक राम शीष यादव और प्रभारी एफएसओ पवन त्यागी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- चित्रकूट में वन्यजीवों के दीदार संग बुंदेली संस्कृति का रंग, खुलेगी रोजगार की नई राह

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।